सीधी(ईन्यूज एमपी)- जमोड़ी थाना पुलिस ने क्षेत्र में हुई चार अलग-अलग चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए एक विधि विरुद्ध बालक सहित दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 2 लाख 60 हजार 200 रुपये मूल्य का चोरी गया सामान बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, जून और जुलाई 2026 के दौरान थाना जमोड़ी क्षेत्र के दक्षिण करौदिया और नौढिया इलाके में हुई तीन चोरी की घटनाओं में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। इन घटनाओं में टैबलेट, स्मार्ट वॉच, पावर बैंक, नगदी तथा सोने-चांदी के आभूषण चोरी हुए थे। जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर की सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर एक विधि विरुद्ध बालक को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने तीनों चोरी की घटनाओं को स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर रेडमी कंपनी का टैबलेट, स्मार्ट वॉच, पावर बैंक, एक सोने की चेन, तीन जोड़ी चांदी की पायल, तीन चांदी की बिछिया तथा 21 हजार 700 रुपये नगद बरामद किए गए। इन तीन मामलों में कुल 2 लाख 38 हजार 700 रुपये का मशरूका बरामद हुआ। आरोपी ने पूछताछ में यह भी बताया कि चोरी की नगदी का कुछ हिस्सा उसने शराब और दोस्तों के साथ पार्टी में खर्च कर दिया। वहीं, एक अन्य मामले में मधुरी कोठार निवासी राजा प्रसाद मिश्रा ने 1 अगस्त को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 31 जुलाई और 1 अगस्त की दरमियानी रात उनके घर से दो ओप्पो कंपनी के मोबाइल फोन और 10 हजार रुपये नगद चोरी हो गए। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर मधुरी कोठार निवासी राजू मिश्रा उर्फ रिंकू (22) और जतिन उर्फ लकी उर्फ राइडर सोंधिया (19) को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से दो ओप्पो स्मार्टफोन और 6 हजार 500 रुपये नगद बरामद किए गए। चारों मामलों में पुलिस ने कुल 2 लाख 60 हजार 200 रुपये मूल्य का मशरूका बरामद किया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक दिव्य प्रकाश त्रिपाठी, सहायक उपनिरीक्षक आर.डी. साकेत, प्रधान आरक्षक गुरूप्रसन्न सिंह, आजाद खान, जगमोहन पनिका, आरक्षक नीरज पाराशर, योगेश जाटव तथा मानेन्द्र शुक्ला की महत्वपूर्ण भूमिका रही। जिला पुलिस ने बताया कि संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।