enewsmp.com
Home क्राइम सीधी में 14.484 किलो गांजा के साथ दो आरोपी गिरफ्तार, ₹2.21 लाख का मशरूका जब्त

सीधी में 14.484 किलो गांजा के साथ दो आरोपी गिरफ्तार, ₹2.21 लाख का मशरूका जब्त


कुसमी पुलिस की पोंडी में कार्रवाई, केल्हारी छत्तीसगढ़ से गांजा लाने की बात सामने आई

सीधी। जिले में मादक पदार्थों के अवैध परिवहन और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कुसमी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 14.484 किलोग्राम गांजा के साथ एक पुरुष और एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा, मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन सहित कुल ₹2,21,844 का मशरूका जब्त किया है।

पुलिस के अनुसार, 17 सितंबर की रात करीब 1:28 बजे चौकी पोंडी की पुलिस टीम ग्राम पोंडी स्थित सहकारी बैंक के सामने गणेश उत्सव की सुरक्षा व्यवस्था और रात्रि गश्त में तैनात थी। इसी दौरान ददरी की ओर से एक हीरो होंडा सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल क्रमांक MP-18-MB-4081 आती दिखाई दी। बाइक पर एक पुरुष और महिला सवार थे।

पुलिस टीम को देखकर चालक ने मोटरसाइकिल लेकर भागने का प्रयास किया। संदेह होने पर पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को रोक लिया। पूछताछ के दौरान उनके पास रखे दो बैगों की तलाशी ली गई, जिसमें 14 पैकेटों में कुल 14.484 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत ₹1,44,844 बताई गई है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान श्याम सुंदर कुशवाहा (54), निवासी उडैसा, चौकी पथरौला, थाना मडवास और प्रेमवती सिंह (42), निवासी बरहाई, चौकी पथरौला, थाना मडवास के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने गांजा केल्हारी, जिला एमसीबी, छत्तीसगढ़ से लाना बताया।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया। कार्रवाई में गांजे के अलावा करीब ₹50 हजार कीमत की मोटरसाइकिल, ₹25 हजार का OPPO एंड्रॉयड मोबाइल और ₹2 हजार का Jio की-पैड मोबाइल भी जब्त किया गया।

यह कार्रवाई एसपी संतोष कोरी के निर्देशन, एएसपी कमला जोशी, एसडीओपी कुसमी संतोष कुमार तिवारी के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक अरुणा द्विवेदी के नेतृत्व में चौकी पोंडी पुलिस टीम ने की।

Share:

Leave a Comment