सिंगरौली(ईन्यूज एमपी)- जिले में तेज रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। सरई थाना क्षेत्र में कंपनी में कार्यरत एक कैंपर वाहन ने बाइक सवार दो लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि दोनों घायल खनुआ गांव के निवासी हैं। प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, टक्कर मारने के बाद कैंपर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही सरई पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल राहत एवं बचाव की कार्रवाई करते हुए दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। दोनों घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। फिलहाल पुलिस फरार कैंपर चालक और वाहन की पहचान करने के साथ दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी है।तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने की घटनाएं एक बार फिर क्षेत्र में सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही हैं।