enewsmp.com
Home देश-दुनिया MP के युवाओं की नदी सफाई की गूंज ‘मन की बात’ तक, PM मोदी ने किया जिक्र

MP के युवाओं की नदी सफाई की गूंज ‘मन की बात’ तक, PM मोदी ने किया जिक्र

दिल्ली (ईन्यूज एमपी)-प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ‘मन की बात’ की 138वीं कड़ी में मध्य प्रदेश के युवाओं के नदी सफाई अभियान का विशेष उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कुछ नौजवान नदी की सफाई के काम में जुटे हैं और उनके छोटे से प्रयास से धीरे-धीरे पूरा समाज जुड़ रहा है। प्रधानमंत्री ने इसे जनभागीदारी का उदाहरण बताया।

महात्मा गांधी जयंती के संदर्भ में स्वच्छता अभियानों की चर्चा करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि देशभर में लोग अपने-अपने स्तर पर स्वच्छता के लिए प्रयास कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर भी ऐसे प्रयासों की तस्वीरें और वीडियो सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि कई बार किसी अभियान की शुरुआत एक व्यक्ति से होती है और उसके साथ धीरे-धीरे दूसरे लोग जुड़ते जाते हैं। यही प्रयास आगे चलकर बड़े जनअभियान का रूप ले लेता है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि महात्मा गांधी के प्रति सबसे सुंदर श्रद्धांजलि स्वच्छता ही है।

हालांकि, प्रधानमंत्री ने मध्य प्रदेश के नदी सफाई अभियान के दौरान नदी, स्थान या अभियान से जुड़े युवाओं के नाम का उल्लेख नहीं किया। इसलिए उनके संबोधन के आधार पर अभियान से जुड़ी अतिरिक्त जानकारी स्पष्ट नहीं हो सकी।

सर्जिकल स्ट्राइक के 10 साल पूरे होने का किया स्मरण

‘मन की बात’ की शुरुआत प्रधानमंत्री ने 28-29 सितंबर 2016 को हुई सर्जिकल स्ट्राइक के उल्लेख से की। उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक सैन्य कार्रवाई को एक दिन बाद 10 साल पूरे होने जा रहे हैं। प्रधानमंत्री के मुताबिक भारतीय सेना ने एलओसी पार जाकर पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों पर कार्रवाई की थी।

उन्होंने बालाकोट एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत ने आतंकवाद के खिलाफ अपनी नीति स्पष्ट की है। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत अब आतंकवाद के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर चल रहा है।

जनगणना में 32 करोड़ से अधिक परिवारों की जानकारी दर्ज

प्रधानमंत्री ने देश में चल रही जनगणना का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में जनगणना का पहला चरण लगभग पूरा हो चुका है और 32 करोड़ से अधिक परिवारों की जानकारी दर्ज की जा चुकी है।

उन्होंने कहा कि नागरिक मोबाइल के माध्यम से स्वयं भी अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं। इसके लिए जनगणना पोर्टल पर लॉगिन कर परिवार से जुड़ी जानकारी भरने की सुविधा उपलब्ध है। यह सुविधा हिंदी सहित 16 भाषाओं में उपलब्ध है। प्रधानमंत्री के अनुसार अब तक 2 करोड़ 60 लाख से अधिक लोग मोबाइल के जरिए स्व-गणना कर चुके हैं।

अशोक सिंहल की 100वीं जयंती पर किया स्मरण

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 27 सितंबर को विश्व हिंदू परिषद के पूर्व अंतरराष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष स्वर्गीय अशोक सिंहल की 100वीं जयंती के अवसर पर उन्हें भी याद किया। उन्होंने रामजन्मभूमि आंदोलन में अशोक सिंहल की भूमिका का उल्लेख किया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि अशोक सिंहल ने सामाजिक भेदभाव और विषमता के खिलाफ भी काम किया। उन्होंने बताया कि सिंहल का जन्म एक समृद्ध परिवार में हुआ था और उन्होंने आईआईटी बीएचयू से शिक्षा प्राप्त की थी, लेकिन बाद में अपना जीवन समाज और संस्कृति के लिए समर्पित कर दिया।

Share:

Leave a Comment