enewsmp.com
Home विंध्य प्रदेश धनतेरस पर सिंगरौली पुलिस की सौगात, 100 से अधिक लोगों को लौटाए गुम मोबाइल

धनतेरस पर सिंगरौली पुलिस की सौगात, 100 से अधिक लोगों को लौटाए गुम मोबाइल

सिंगरौली(ईन्यूज एमपी)- धनतेरस के अवसर पर सिंगरौली पुलिस ने लोगों को अनमोल सौगात देते हुए 100 से अधिक गुम मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंपे। लंबे समय से अपने खोए हुए मोबाइल मिलने पर लोगों के चेहरे खिल उठे। पुलिस की इस पहल ने दीपावली की खुशियों को दोगुना कर दिया।

पुलिस अधीक्षक षियाज के.एम. के नेतृत्व एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा के मार्गदर्शन में सिंगरौली पुलिस ने मोबाइल बरामदगी के मामले में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। वर्ष 2026 में 31 अक्टूबर तक जिले में 1100 से अधिक गुम मोबाइल बरामद किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 30 लाख रुपये बताई गई है।

वहीं, पिछले चार महीनों के दौरान ही पुलिस ने 400 से अधिक मोबाइल फोन बरामद किए, जिनकी कीमत लगभग 45 लाख रुपये है। इस अभियान की सफलता में साइबर सेल के साथ जिले के सभी थानों एवं पुलिस चौकियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

धनतेरस के मौके पर मोबाइल वापस मिलने से लोगों की खुशी देखते ही बन रही थी। नागरिकों ने सिंगरौली पुलिस की कार्यशैली की सराहना करते हुए पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। पुलिस की इस कार्रवाई ने त्योहार के अवसर पर आमजन के बीच विश्वास और सुरक्षा की भावना को और मजबूत किया।

Share:

Leave a Comment