रीवा(ईन्यूज एमपी)- मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर रविवार को पूरे विंध्य क्षेत्र में उत्साह और उमंग के साथ समारोह आयोजित किए गए। इसी क्रम में रीवा के टाउनहॉल में प्रदेश स्तरीय गरिमा के अनुरूप जिला स्तरीय स्थापना दिवस कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने ध्वजारोहण कर समारोह का शुभारंभ किया। कार्यक्रम के दौरान स्वतंत्रता सेनानियों का सम्मान किया गया। वहीं मेधावी विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति प्रदान की गई और किसानों को ट्रैक्टर वितरित किए गए। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने प्रदेशवासियों को मध्यप्रदेश स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मध्यप्रदेश के साथ विंध्य क्षेत्र भी लगातार विकास की दौड़ में आगे बढ़ रहा है। क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं और कनेक्टिविटी के विस्तार के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उपमुख्यमंत्री ने रीवा की हवाई कनेक्टिविटी का उल्लेख करते हुए बताया कि हवाई सेवा शुरू होने के बाद 300 दिनों में करीब 2500 यात्रियों ने इसका लाभ उठाया है। उन्होंने इसे क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि हवाई सेवा से विंध्य में आवागमन और विकास की संभावनाओं को मजबूती मिली है। दिसंबर 2028 तक पूरी होगी रीवा-सिंगरौली रेल परियोजना कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने रीवा-सिंगरौली रेल परियोजना को लेकर भी महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि दिसंबर 2028 तक इस रेल परियोजना का कार्य पूरा कर लिया जाएगा। इस परियोजना के पूर्ण होने से विंध्य क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी को बड़ी मजबूती मिलने की उम्मीद है।