enewsmp.com
Home करियर बहरी में आज लगेगा युवा संगम मेला

बहरी में आज लगेगा युवा संगम मेला

एक ही मंच पर मिलेंगे रोजगार, स्वरोजगार और अप्रेंटिसशिप के अवसर

सीधी(ईन्यूज एमपी)- जिले के शिक्षित बेरोजगार युवक-युवतियों के लिए आज शनिवार, 27 जून को शासकीय विद्यालय बहरी परिसर में एक दिवसीय युवा संगम रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेंटिसशिप मेला आयोजित किया जाएगा। यह मेला सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक आयोजित होगा, जहां युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के विभिन्न अवसर एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगे।

जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार विभाग के निर्धारित कैलेंडर के अनुसार आयोजित होने वाला जून माह का युवा संगम मेला कलेक्टर के निर्देशानुसार 16 जून के स्थान पर आज 27 जून को आयोजित किया जा रहा है।

जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में जिला रोजगार कार्यालय, शासकीय आईटीआई एवं जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र, सीधी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस मेले में देश, प्रदेश एवं स्थानीय स्तर की प्रतिष्ठित निजी कंपनियां भाग लेंगी। साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा स्वरोजगार योजनाओं, ऋण सुविधाओं, कौशल विकास प्रशिक्षण और अप्रेंटिसशिप से संबंधित स्टॉल भी लगाए जाएंगे।

मेले में युवाओं को रोजगार के अवसरों के साथ-साथ उद्यमिता, स्वरोजगार योजनाओं और कौशल विकास संबंधी मार्गदर्शन भी प्रदान किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने जिले के अधिक से अधिक शिक्षित बेरोजगार युवक-युवतियों से अपने शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, बायोडाटा, आधार कार्ड एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों के साथ मेले में उपस्थित होकर उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने की अपील की है।

Share:

Leave a Comment