enewsmp.com
Home सीधी दर्पण कमर्जी पुलिस की दबिश, 63 वर्षीय महिला के घर से 450 ग्राम गांजा बरामद

कमर्जी पुलिस की दबिश, 63 वर्षीय महिला के घर से 450 ग्राम गांजा बरामद

सीधी(ईन्यूज एमपी)- जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में कमर्जी पुलिस ने ग्राम तुर्रा में एक महिला के घर दबिश देकर 450 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 9,500 रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, 7 नवंबर 2026 को देहात भ्रमण के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम तुर्रा निवासी एक महिला अपने घर में गांजा रखकर बिक्री करने की फिराक में है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी सुधाकर सिंह परिहार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने महिला पुलिस बल और स्वतंत्र साक्षियों के साथ संबंधित घर में दबिश दी।

तलाशी के दौरान गद्दे के नीचे छिपाकर रखी गई काले रंग की प्लास्टिक थैली से 450 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजा जब्त कर आरोपिया कैलसुआ साकेत (63 वर्ष), पति स्वर्गीय जगजीवन साकेत, निवासी ग्राम तुर्रा के विरुद्ध अपराध क्रमांक 396/2026, धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है।

पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी एवं उप पुलिस अधीक्षक अजाक रावेंद्र द्विवेदी के मार्गदर्शन में हुई इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सुधाकर सिंह परिहार, सहायक उप निरीक्षक केशरी पाण्डेय, आरक्षक नीरज सिंह एवं महिला आरक्षक अंजली कुशवाहा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

सीधी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अवैध मादक पदार्थों के कारोबार की सूचना तत्काल नजदीकी थाने या पुलिस कंट्रोल रूम को दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

Share:

Leave a Comment