enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश मध्यप्रदेश में बढ़ी ठंड, रात के तापमान में 1.5 डिग्री की गिरावट; इंदौर में 12.7 डिग्री पहुंचा पारा

मध्यप्रदेश में बढ़ी ठंड, रात के तापमान में 1.5 डिग्री की गिरावट; इंदौर में 12.7 डिग्री पहुंचा पारा

भोपाल(ईन्यूज एमपी)- मध्यप्रदेश में ठंड ने धीरे-धीरे अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। प्रदेश के न्यूनतम तापमान में करीब 1.5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे रात के समय सर्दी बढ़ गई है। भोपाल और इंदौर सहित कई शहरों में रात का पारा नीचे आया है। मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार से तापमान में और गिरावट होने की संभावना है।

बीती रात शाजापुर जिले के गिरवर में प्रदेश का सबसे कम न्यूनतम तापमान 11.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दमोह में 12 डिग्री, कटनी के करौंदी में 12.2 डिग्री, पचमढ़ी में 12.4 डिग्री और इंदौर में 12.7 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ। राजधानी भोपाल में न्यूनतम तापमान 13.5 डिग्री सेल्सियस रहा।

दिन के तापमान में भी 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट देखी जा रही है। अमरकंटक, पचमढ़ी, मलाजखंड, शिवपुरी और बैतूल में अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है।

मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को प्रदेश के किसी भी जिले में आंधी या बारिश का अलर्ट जारी नहीं किया गया है। 7 और 8 नवंबर को भी बारिश की संभावना नहीं है। इससे धनतेरस और दीपावली के दौरान बाजारों में खरीदारी और त्योहार की तैयारियों पर मौसम का असर पड़ने की आशंका नहीं है।

प्रदेश के निचले और ऊपरी हिस्सों में दो चक्रवाती परिसंचरण (साइक्लोनिक सर्कुलेशन) सक्रिय हैं। इनके प्रभाव से कुछ इलाकों में हल्के बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन फिलहाल बारिश होने का अनुमान नहीं है।

मौसम के पिछले 10 वर्षों के रुझान के अनुसार, नवंबर के दूसरे पखवाड़े से प्रदेश में ठंड का असर तेजी से बढ़ने लगता है। इस बार भी 15 नवंबर के बाद तापमान में गिरावट आने की संभावना है। खासकर ग्वालियर-चंबल संभाग में उत्तरी हवाओं के प्रभाव से रातें अधिक ठंडी हो सकती हैं।

ग्वालियर में नवंबर महीने में न्यूनतम तापमान का पुराना रिकॉर्ड 3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। वहीं उज्जैन में 53 साल पहले न्यूनतम तापमान 2.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

भोपाल, इंदौर और जबलपुर सहित प्रदेश के कुछ शहरों में नवंबर के दौरान बारिश का रुझान रहा है। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, महीने के तीसरे और चौथे सप्ताह में मौसम प्रणाली सक्रिय होने पर प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है। फिलहाल प्रदेश में मौसम शुष्क रहने और रात के तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आने के संकेत हैं।

Share:

Leave a Comment