enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश मध्यप्रदेश में धनतेरस और दीपावली पर खिलेगी धूप, 8 नवंबर तक बारिश का अलर्ट नहीं

मध्यप्रदेश में धनतेरस और दीपावली पर खिलेगी धूप, 8 नवंबर तक बारिश का अलर्ट नहीं

भोपाल(ईन्यूज एमपी)- मध्यप्रदेश में इस बार धनतेरस और दीपावली का त्योहार साफ मौसम के बीच मनाया जाएगा। मौसम विभाग के अनुसार, 5 से 8 नवंबर तक प्रदेश के किसी भी जिले में आंधी या बारिश का अलर्ट जारी नहीं किया गया है। भोपाल और इंदौर सहित ग्वालियर, उज्जैन, जबलपुर और प्रदेश के अन्य जिलों में मौसम साफ रहने तथा धूप खिलने की संभावना है। इससे त्योहारों के दौरान बाजारों में खरीदारी करने वाले लोगों को मौसम की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।

पिछले एक सप्ताह से प्रदेश में तूफान 'अर्नब' और 'मुरासु' के प्रभाव से मौसम में बदलाव देखने को मिला। खासकर पूर्वी मध्यप्रदेश के जिलों में तेज आंधी और बारिश का दौर चला। इसके अलावा भोपाल, इंदौर, नर्मदापुरम, ग्वालियर और उज्जैन संभाग के कुछ इलाकों में भी बारिश दर्ज की गई। बुधवार को भी पूर्वी हिस्से में बादल छाए रहे और कहीं-कहीं हल्की बारिश हुई। हालांकि अब मौसम साफ होने के आसार हैं।

6 नवंबर को धनतेरस के अवसर पर मौसम साफ रहने का अनुमान है। वहीं दीपावली के दौरान भी बारिश की संभावना नहीं जताई गई है। ऐसे में बाजारों में खरीदारी, सजावट और अन्य त्योहार संबंधी गतिविधियां बिना मौसम की बाधा के हो सकेंगी।

मौसम विभाग के अनुसार, नवंबर के दूसरे सप्ताह से प्रदेश में ठंड का असर बढ़ने लगेगा। उत्तरी हवाओं के सीधे प्रभाव के कारण ग्वालियर-चंबल संभाग में रात के तापमान में अधिक गिरावट देखने को मिल सकती है। ग्वालियर में नवंबर महीने में न्यूनतम तापमान का पुराना रिकॉर्ड 3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। वहीं उज्जैन में 53 साल पहले नवंबर में न्यूनतम तापमान 2.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।


नवंबर महीने में भोपाल, इंदौर और जबलपुर सहित कई शहरों में बारिश का पुराना ट्रेंड रहा है। इस बार भी महीने की शुरुआत में मौसम प्रणालियों के कारण बारिश देखने को मिली है। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, नवंबर के तीसरे और चौथे सप्ताह में नए सिस्टम सक्रिय होने पर प्रदेश के कुछ हिस्सों में फिर बारिश हो सकती है। फिलहाल त्योहारों के दौरान मौसम साफ रहने की संभावना है।

Share:

Leave a Comment