शहडोल(ईन्यूज एमपी)- मध्यप्रदेश के शहडोल जिले में वन्यजीव के हमले की एक दर्दनाक घटना सामने आई है। ब्यौहारी थाना क्षेत्र में बुधवार तड़के घर के बाहर अपनी बहन के साथ सो रही 15 वर्षीय किशोरी को तेंदुआ उठा ले गया। सुबह जब परिजनों की नींद खुली तो किशोरी बिस्तर से गायब थी। परिवार ने आसपास तलाश शुरू की तो घर से करीब 300 मीटर दूर झाड़ियों में उसका शव मिला। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। मृतका की पहचान सरस्वती सिंह गोंड के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, सरस्वती अपनी बहन के साथ घर के बाहर बनी परछी में सो रही थी, जबकि उसकी मां घर के अंदर कमरे में थी। घर में दरवाजा नहीं लगा था। बुधवार सुबह जब उसकी बहन की नींद खुली तो सरस्वती बिस्तर पर नहीं मिली। उसने तत्काल अपनी मां को जगाया। मां और बेटी ने आसपास तलाश की तो कुछ दूरी पर कंबल पड़ा मिला। इसके बाद खोजबीन के दौरान झाड़ियों में किशोरी का शव बरामद हुआ। घटना की सूचना बुधवार सुबह करीब 4 बजे पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही ब्यौहारी थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एसडीओपी सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। वन विभाग की डीएफओ तरुणा वर्मा भी मौके पर पहुंचीं। डीएफओ तरुणा वर्मा ने तेंदुए के हमले की पुष्टि करते हुए बताया कि घटनास्थल वन क्षेत्र से लगा हुआ है। घर में दरवाजा नहीं होने के कारण तेंदुआ अंदर घुसा और किशोरी को उठाकर ले गया। वन विभाग नियमानुसार मिलने वाली सहायता राशि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया कर रहा है। बताया गया है कि सरस्वती के पिता शिवचरण महाराष्ट्र में मजदूरी करते हैं। घर में उसकी मां और दो बेटियां रहती थीं। घटना की खबर मिलने के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है। लोगों को आशंका है कि तेंदुआ दोबारा आबादी वाले क्षेत्र में पहुंचकर किसी अन्य व्यक्ति पर हमला कर सकता है। वन विभाग और पुलिस की टीमें आसपास के जंगलों और संभावित ठिकानों पर तेंदुए की तलाश कर रही हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और तेंदुए को जल्द पकड़ने की मांग की है।