भोपाल(ईन्यूज एमपी)- मध्यप्रदेश में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने वाला है। तूफान 'मुरासु' के प्रभाव से प्रदेश में अगले तीन दिनों तक आंधी और बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने मंगलवार को जबलपुर सहित प्रदेश के 23 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम केंद्र भोपाल के अनुसार, अगले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों के कई जिलों में मौसम प्रभावित रहेगा। खासकर जबलपुर, शहडोल और नर्मदापुरम संभाग के जिलों में आंधी के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। सीधी-सिंगरौली समेत 23 जिलों में अलर्ट मौसम विभाग ने बड़वानी, खरगोन, खंडवा, बुरहानपुर, हरदा, नर्मदापुरम, बैतूल, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, जबलपुर, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, कटनी, मैहर, सीधी, मऊगंज और सिंगरौली में आंधी और बारिश की संभावना जताई है। इन जिलों में तेज हवाओं के साथ गरज-चमक और बारिश हो सकती है। हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है। इससे तापमान में भी बदलाव देखने को मिल सकता है। इन जिलों में मौसम रहेगा साफ दूसरी ओर प्रदेश के कई जिलों में मौसम साफ रहने और धूप खिलने का अनुमान है। इनमें भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, धार, आलीराजपुर, झाबुआ, उज्जैन, नीमच, आगर-मालवा, मंदसौर, शाजापुर, देवास, रतलाम, ग्वालियर, गुना, शिवपुरी, दतिया, अशोकनगर, मुरैना, भिंड, श्योपुर, रीवा, सतना, सागर, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी शामिल हैं। तीन दिन तक मौसम में उतार-चढ़ाव मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, मुरासु तूफान के प्रभाव से अगले तीन दिनों तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। ऐसे में बारिश प्रभावित जिलों के लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। तेज हवाओं और गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचने की सलाह दी जाती है।