उमरिया(ईन्यूज एमपी)- जिले के चंदिया थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 38 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। कटनी से उमरिया की ओर जा रहा एक अनियंत्रित कैप्सूल ट्रक हाईवे किनारे स्थित दुकान में जा घुसा। अचानक हुए इस हादसे में दुकान में मौजूद युवक को संभलने तक का मौका नहीं मिला और उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह कैप्सूल वाहन क्रमांक MP 18 ZD 1174 कटनी से उमरिया की ओर जा रहा था। इसी दौरान चंदिया थाना क्षेत्र में अज्ञात कारणों से चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। बेकाबू ट्रक हाईवे किनारे नत्थू कुशवाहा की दुकान में जा घुसा। हादसे के समय दुकान में मौजूद उनके 38 वर्षीय बेटे संतोष कुशवाहा ट्रक की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, नत्थू कुशवाहा गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने घायल नत्थू कुशवाहा को 108 एंबुलेंस की मदद से चंदिया अस्पताल पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हाईवे किनारे काम कर परिवार पालता था परिवार बताया जाता है कि पीड़ित परिवार पिछले कई वर्षों से हाईवे किनारे कच्चे मकान में रहकर वाहनों की धुलाई के लिए पानी की आपूर्ति करने का काम करता था। इसी काम से परिवार का भरण-पोषण होता था। हादसे में बेटे की मौत और पिता के गंभीर रूप से घायल होने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। चंदिया हाईवे पर हुए इस हादसे ने सड़क किनारे रहने वाले परिवारों और छोटे कारोबारियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। तेज रफ्तार और अनियंत्रित भारी वाहन दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ा सकते हैं। हालांकि, ट्रक अनियंत्रित होने का वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।