रीवा(ईन्यूज एमपी)- शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के पाड़ेन टोला में मंगलवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब बाबू चक्की के पास स्थित संन्यासी बाबा के चबूतरे पर एक नवजात का शव मिला। शव के साथ नाल जुड़ी हुई थी। वहीं, छाती के दाहिने हिस्से में छेद जैसा निशान मिलने की बात भी सामने आई है। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, पाड़ेन टोला में स्थित करीब 50 साल पुराने चबूतरे पर नवजात का शव मिलने की खबर क्षेत्र में तेजी से फैल गई। इसके बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। घटना की सूचना मिलने पर सिटी कोतवाली पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और नवजात के शव से जुड़े तथ्यों की पड़ताल शुरू की। घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं होने लगीं। कुछ लोगों ने आशंका जताई कि नवजात का शव किसी अन्य स्थान से लाकर चबूतरे पर छोड़ा गया होगा। वहीं, कुछ लोग इसे नरबलि और टोना-टोटका जैसी आशंकाओं से जोड़कर देख रहे हैं। हालांकि, इन चर्चाओं की अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने भी ऐसी किसी आशंका को प्रमाणित नहीं किया है। सिटी कोतवाली थाना प्रभारी निशा मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि जांच पूरी होने तक किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और अपुष्ट जानकारियों को प्रसारित करने से बचें। फिलहाल पुलिस नवजात की पहचान, घटना की परिस्थितियों और शव चबूतरे तक पहुंचने से जुड़े तथ्यों का पता लगाने में जुटी है। जांच के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।