भोपाल(ईन्यूज एमपी)-दशहरा के दिन मध्यप्रदेश के आधे हिस्से में मौसम बिगड़ने की संभावना है। मौसम विभाग ने भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, नर्मदापुरम और सागर संभाग के 25 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। बारिश की आशंका को देखते हुए भोपाल में रावण दहन की तैयारियों में जुटे कलाकारों ने पुतलों को बरसाती से ढक दिया है। साल 2022 में बारिश के कारण रावण के पुतले ठीक से नहीं जल पाए थे। उस समय पुतलों को जलाने के लिए केरोसिन और पेट्रोल का इस्तेमाल करना पड़ा था। इसी अनुभव को देखते हुए इस बार आयोजक पहले से सतर्क नजर आ रहे हैं। इन 25 जिलों में बारिश की संभावना मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे के दौरान भोपाल, इंदौर, उज्जैन, आलीराजपुर, धार, बड़वानी, खरगोन, बुरहानपुर, खंडवा, हरदा, बैतूल, देवास, शाजापुर, आगर-मालवा, राजगढ़, रायसेन, सागर, विदिशा, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़ और छतरपुर में बारिश हो सकती है। 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं मौसम में बदलाव की वजह चक्रवाती परिसंचरण और ट्रफ को बताया जा रहा है। इसके प्रभाव से प्रदेश में अगले चार दिन यानी 23 अक्टूबर तक बारिश का दौर जारी रह सकता है। इस दौरान 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे या इससे अधिक रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। रीवा, जबलपुर और शहडोल संभाग में राहत के आसार प्रदेश के पूर्वी हिस्से में मौसम अपेक्षाकृत साफ रहने का अनुमान है। जबलपुर, रीवा और शहडोल संभाग के जिलों में धूप निकलने की संभावना जताई गई है। वहीं, बारिश के अलर्ट के बीच दशहरा आयोजकों को रावण दहन और अन्य कार्यक्रमों के लिए मौसम पर नजर रखनी होगी।