रीवा(ईन्यूज एमपी)- जिले के चोरहटा थाना क्षेत्र अंतर्गत किटवरिया बायपास पर शुक्रवार सुबह घने कोहरे के कारण दो ट्रकों की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा इतना गंभीर था कि एक ट्रक का चालक केबिन में ही फंस गया। उसे बाहर निकालने के लिए ट्रक का गेट तोड़ना पड़ा। दुर्घटना में चालक का पैर कट गया, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक ट्रक बनारस से सतना की ओर जा रहा था, जबकि दूसरा ट्रक सतना से उत्तर प्रदेश की तरफ जा रहा था। इसी दौरान किटवरिया बायपास पर दोनों ट्रक आपस में टकरा गए। हादसे में शामिल ट्रकों के पंजीयन नंबर MP 17 HH 5350 और NL 01 AC 0672 बताए गए हैं। टक्कर के बाद एक ट्रक का चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया। सूचना मिलने पर चोरहटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। चालक को बाहर निकालने के लिए ट्रक का गेट तोड़ना पड़ा। इसके बाद घायल चालक को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। चोरहटा थाना प्रभारी पवन शुक्ला ने बताया कि हादसे में घायल चालक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस चालक की पहचान करने के प्रयास कर रही है। सुबह के समय कोहरे के कारण दृश्यता कम होने से सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में वाहन चालकों को सावधानीपूर्वक वाहन चलाने और सुरक्षित दूरी बनाए रखने की जरूरत है।