enewsmp.com
Home विंध्य प्रदेश रीवा में स्वामित्व योजना के काम में लापरवाही पर 15 पटवारी निलंबित

रीवा में स्वामित्व योजना के काम में लापरवाही पर 15 पटवारी निलंबित

रीवा(ईन्यूज एमपी)- स्वामित्व योजना के कार्यों में लापरवाही बरतने पर कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी के निर्देश पर जिले के 15 पटवारियों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई है। संबंधित एसडीएम ने सभी पटवारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के आदेश जारी किए हैं।

बताया गया कि संबंधित पटवारियों को स्वामित्व योजना के तहत सर्वे, सत्यापन और अभिलेख संबंधी कार्य समय-सीमा में पूरा करने की जिम्मेदारी दी गई थी। निर्धारित समय में काम पूरा नहीं होने और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना के चलते कार्रवाई की गई।

नोटिस के बाद भी नहीं सुधरी कार्यप्रगति

प्रशासन के अनुसार, संबंधित पटवारियों को पहले कार्य में सुधार और समय पर काम पूरा करने के निर्देश दिए गए थे। इसके लिए नोटिस भी जारी किए गए, लेकिन इसके बावजूद स्वामित्व योजना के कार्यों में अपेक्षित प्रगति नहीं हुई। इसके बाद प्रशासन ने निलंबन की कार्रवाई की।

इन पटवारियों पर हुई कार्रवाई

निलंबित पटवारियों में बृजेश गुप्ता (लौवा लक्ष्मणपुर), अभिनव तिवारी (अमिरती), सौरभ सिंह (इटार पहाड़), आशीष पांडेय (उमरी), मधुर सिंह (मनिकवार), कौशल कोल (भौवार), इकबाल (व्योहरा), प्रकाश सोनी (रौरा), योगेश डाबर (जवा), निशांत नागवंशी (सूती), पुष्पराज सिंह (कोराव अमिलिया), नम्रता साहू (हर्दिकला), प्रशांत त्रिपाठी (मरैला), अजय पटेल (भटिगवां) और योगिता सिंह (बबैया) शामिल हैं।

ग्रामीणों को मिलता है संपत्ति का अधिकार पत्र

स्वामित्व योजना का उद्देश्य ग्रामीण आबादी क्षेत्रों में संपत्तियों का सर्वे और सत्यापन कर पात्र लोगों को उनकी संपत्ति का अधिकार पत्र उपलब्ध कराना है। इसके लिए सर्वे, सत्यापन और राजस्व अभिलेखों से संबंधित कार्य महत्वपूर्ण होते हैं।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही या निर्देशों की अवहेलना पाए जाने पर जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।

Share:

Leave a Comment