enewsmp.com
Home सीधी दर्पण सीधी जिला अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर में लाखों की चोरी, मशीनों में तोड़फोड़ से सर्जरी ठप

सीधी जिला अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर में लाखों की चोरी, मशीनों में तोड़फोड़ से सर्जरी ठप

ओटी का ताला खुलने पर सामने आया मामला, रोजाना होने वाले चार ऑपरेशन प्रभावित; पुलिस ने दर्ज किया केस**

सीधी(ईन्यूज एमपी)- जिला चिकित्सालय सीधी के ऑपरेशन थिएटर (ओटी) में चोरी और मशीनों में तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। अज्ञात चोर ऑपरेशन में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों सहित अन्य सामान चोरी कर ले गए। चोरी गए सामान की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। घटना के कारण अस्पताल में नियमित ऑपरेशन प्रभावित हो गए हैं, जिससे मरीजों की परेशानी बढ़ गई है।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे जब अस्पताल के स्टाफ ने ऑपरेशन थिएटर का ताला खोलकर अंदर प्रवेश किया, तब चोरी की जानकारी सामने आई। ओटी के अंदर उपकरण गायब मिले, जबकि मशीनों के साथ तोड़फोड़ भी की गई थी। अस्पताल स्टाफ के मुताबिक, चोर पीछे की खिड़की से अंदर घुसे थे।

कैंची, चादर और मशीनों के उपकरण गायब

सिविल सर्जन डॉ. दीपा रानी इसरानी ने बताया कि ऑपरेशन थिएटर से कैंची, बेडशीट, चादर, कंबल, कंप्यूटर से संबंधित कुछ सामान और ऑपरेशन में उपयोग होने वाले मशीनों के उपकरण गायब हैं। चोरी गए सामान की वास्तविक कीमत का आकलन किया जा रहा है।

रोजाना होते थे चार ऑपरेशन, मरीज परेशान

जिला अस्पताल में प्रतिदिन औसतन चार ऑपरेशन किए जाते थे। ओटी में चोरी और उपकरणों को नुकसान पहुंचाए जाने के बाद सर्जरी की व्यवस्था प्रभावित हुई है। ऐसे में ऑपरेशन की जरूरत वाले मरीजों को रीवा के संजय गांधी अस्पताल या निजी अस्पतालों का रुख करना पड़ सकता है। इससे मरीजों और उनके परिजनों को अतिरिक्त परेशानी उठानी पड़ सकती है।

कोतवाली पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की शिकायत मिलने के बाद कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी दिव्य प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि अस्पताल प्रबंधन की ओर से आवेदन प्राप्त होने के बाद प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस चोरी से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रही है। अब जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि चोरी में कौन शामिल था और अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था में चूक कहां हुई।

Share:

Leave a Comment