पूजा पार्क में उमड़ा जनसैलाब, सेवा ज्योति प्रज्वलित कर विधानसभा क्षेत्रों के लिए रवाना हुईं यात्राएं सीधी(ईन्यूज एमपी )- सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत स्थानीय पूजा पार्क में ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ एवं ‘सेवा ज्योति संकल्प यात्रा’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लोकसभा सांसद डॉ. राजेश मिश्रा मुख्य अतिथि रहे। भाजपा जिला अध्यक्ष देव कुमार सिंह चौहान की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में जिला संगठन प्रभारी नरेंद्र त्रिपाठी, धौंहनी विधायक कुंवर सिंह टेकाम, सिहावल विधायक विश्वामित्र पाठक और पूर्व प्रदेश महामंत्री एवं पूर्व चुरहट विधायक शरदेन्दु तिवारी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम में जिलेभर से बड़ी संख्या में नागरिक, जनप्रतिनिधि और भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए। छत्रसाल स्टेडियम में विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों से आए कार्यकर्ताओं और आमजन का एकत्रीकरण हुआ। देशभक्ति गीतों के बाद राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ का गायन किया गया। इसके बाद दिल्ली से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लाइव संबोधन का प्रसारण किया गया। प्रधानमंत्री ने राष्ट्र निर्माण में नागरिकों की भागीदारी और सेवा भावना पर जोर दिया। संबोधन के दौरान मौजूद लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारत माता की जय के नारे लगाए तथा समाज सेवा का सामूहिक संकल्प लिया। सेवा ज्योति प्रज्वलित कर रवाना हुईं यात्राएं कार्यक्रम में अतिथियों ने मुख्य मशाल से ‘सेवा ज्योति’ प्रज्वलित की। इसके बाद इसी ज्योति से जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के प्रतिनिधियों की मशालें प्रज्वलित की गईं। विधायक, पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता सेवा ज्योति लेकर अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों के लिए रवाना हुए। ये यात्राएं जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर सेवा, समर्पण और जनकल्याण का संदेश देंगी। कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष देव कुमार सिंह चौहान ने कार्यकर्ताओं और अतिथियों का स्वागत किया तथा आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू रामजी सिंह, पूर्व जिला अध्यक्ष इंद्र शरण सिंह चौहान, केके तिवारी, लालचंद गुप्ता, पूर्व प्राधिकरण अध्यक्ष सुभाष सिंह, जनपद पंचायत अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह परिहार, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष देवेंद्र सिंह मुन्नू, अंजू केसरी सहित भाजपा के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।