मैहर(ईन्यूज एमपी)- मध्यप्रदेश के मैहर जिले में नेशनल हाईवे-30 पर रविवार रात भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार वरना कार आगे चल रहे टैंकर के पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार टैंकर के साथ करीब 100 मीटर तक घिसटती चली गई। इसी दौरान कार में आग लग गई और देखते ही देखते वाहन आग का गोला बन गया। हादसे में कार सवार तीन युवक घायल हो गए, जबकि कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई। जानकारी के अनुसार, हादसा रविवार रात करीब 9:30 बजे सिमरन सरोवर होटल के पास हुआ। वरना कार क्रमांक MP66 ZC 4783 में तीन युवक सवार थे। तीनों जबलपुर घूमने के बाद अपने घर बैढ़न, जिला सिंगरौली लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार आगे चल रहे टैंकर से टकरा गई। टक्कर के बाद कार टैंकर के पिछले हिस्से में फंस गई और उसके साथ करीब 100 मीटर तक घिसटती रही। टैंकर चालक ने जब वाहन के पीछे कार को घिसटते देखा तो तत्काल टैंकर रोक दिया। इसी बीच कार में आग लग गई। कार में फंसे तीनों युवकों ने किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरी कार जल गई। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना प्रभारी अभिषेक सिंह परिहार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड को बुलाकर आग पर काबू पाया गया। इस दौरान वहां से गुजर रहे युवा कांग्रेस के मैहर जिला अध्यक्ष सौरभ लल्ला शर्मा भी अपने साथियों के साथ रुक गए। उन्होंने पुलिस और फायर ब्रिगेड के साथ राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया। कार को सड़क से हटाने के बाद हाईवे पर यातायात बहाल कराया गया।हादसे में घायल युवकों की पहचान विक्रमादित्य पांडेय (30), पिता रोहणी प्रसाद पांडेय, आशीष कुमार पांडेय (40), पिता हनुमान प्रसाद पांडेय और शिवेंद्र पांडेय (32), पिता सुशील कुमार पांडेय के रूप में हुई है। तीनों बैढ़न, जिला सिंगरौली के निवासी बताए गए हैं। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। गनीमत रही कि कार में आग लगने से पहले तीनों युवक बाहर निकलने में सफल रहे।