enewsmp.com
Home विंध्य प्रदेश बाणसागर से सोन नदी में छोड़ा जाएगा पानी, 8 घंटे तक चलेगी तीनों बिजली यूनिट

बाणसागर से सोन नदी में छोड़ा जाएगा पानी, 8 घंटे तक चलेगी तीनों बिजली यूनिट

देवलोंद(ईन्यूज एमपी)- बाणसागर बांध से सोन नदी में पानी छोड़े जाने की सूचना के बाद नदी के निचले क्षेत्रों में सतर्कता बरतने की जरूरत है। बाणसागर पक्के बांध संभाग क्रमांक-3 देवलोंद के कार्यपालन यंत्री ने इस संबंध में शहडोल, सीधी, रीवा, सिंगरौली, उमरिया और कटनी सहित संबंधित जिलों के कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षकों को पत्र जारी कर आवश्यक सावधानी बरतने का अनुरोध किया है।

जारी पत्र के अनुसार 8 नवंबर 2026 को सुबह 11 बजे से मशीनों के ड्राईआउट के लिए पानी छोड़े जाने की प्रक्रिया प्रस्तावित है। इसके बाद शाम 4 बजे से रात 8 बजे तक बाणसागर जल विद्युत गृह क्रमांक-3 की तीनों इकाइयों को पूरी क्षमता से संचालित करने की मांग की गई है। इस दौरान पावर हाउस से सोन नदी में पानी छोड़ा जाएगा। पत्र में 8 नवंबर से 9 नवंबर तक तीनों इकाइयों के संचालन के दौरान सोन नदी में पानी छोड़े जाने की प्रस्तावित व्यवस्था का उल्लेख किया गया है।
बाणसागर बांध से पानी छोड़े जाने के कारण सोन नदी के निचले हिस्सों में जलस्तर बढ़ने की संभावना को देखते हुए संबंधित प्रशासन को पहले से सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। कार्यपालन यंत्री ने बांध के निचले क्षेत्र में सोन नदी के किनारे बसे गांवों और निवासरत लोगों को समय रहते सूचना देने का अनुरोध किया है, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से बचा जा सके।

इस संबंध में राजस्व एवं पुलिस अधिकारियों के साथ वन विभाग और संबंधित प्रशासनिक इकाइयों को भी प्रतिलिपि भेजकर आवश्यक कार्रवाई के लिए अवगत कराया गया है।

सोन नदी के किनारे रहने वाले ग्रामीणों, मछुआरों और नदी के आसपास आवागमन करने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है। पानी छोड़े जाने की अवधि में नदी के भीतर जाने, मवेशियों को पानी के तेज बहाव वाले हिस्सों में ले जाने और नदी पार करने से बचना चाहिए। प्रशासन से अपेक्षा है कि प्रभावित क्षेत्रों में मुनादी और अन्य माध्यमों से लोगों को समय रहते आगाह किया जाए।

Share:

Leave a Comment