enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश मध्यप्रदेश के 6 जिलों में 7 पंचायत पदों पर उपचुनाव, 4 दिसंबर को होगा मतदान

मध्यप्रदेश के 6 जिलों में 7 पंचायत पदों पर उपचुनाव, 4 दिसंबर को होगा मतदान

भोपाल(ईन्यूज एमपी)- मध्यप्रदेश में पंचायतों के रिक्त पदों को भरने के लिए उपचुनाव का कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। प्रदेश के छह जिलों में पंचायत के सात पदों पर 4 दिसंबर 2026 को मतदान कराया जाएगा। इनमें जिला पंचायत सदस्य का एक, जनपद पंचायत सदस्य का एक और सरपंच के पांच पद शामिल हैं।

राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित कार्यक्रम के अनुसार, खंडवा, खरगोन, उज्जैन, डिंडौरी, ग्वालियर और धार जिले में उपचुनाव कराया जाएगा। चुनाव प्रक्रिया के तहत 12 नवंबर से नामांकन पत्र जमा करने का काम शुरू होगा। अभ्यर्थी 19 नवंबर तक अपने नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 20 नवंबर को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। इसके बाद 23 नवंबर तक उम्मीदवार अपने नाम वापस ले सकेंगे। इसी दिन चुनाव मैदान में शेष प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे।


आवश्यकता होने पर 4 दिसंबर को सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक मतदान कराया जाएगा। मतदान के बाद सभी संबंधित क्षेत्रों में मतगणना की प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पूरी होगी।

तीनों श्रेणियों के पदों की मतगणना 8 दिसंबर को सुबह 8 बजे से विकासखंड मुख्यालयों पर ईवीएम के माध्यम से होगी। सरपंच और जनपद पंचायत सदस्य पदों के परिणाम इसी दिन घोषित कर दिए जाएंगे। वहीं जिला पंचायत सदस्य पद का परिणाम 9 दिसंबर को सुबह 10:30 बजे घोषित किया जाएगा।

उपचुनाव की घोषणा के साथ ही संबंधित छह जिलों में पंचायत स्तर पर चुनावी गतिविधियां तेज होने की संभावना है। रिक्त पदों पर नए जनप्रतिनिधियों के चयन के लिए अब उम्मीदवारों और स्थानीय मतदाताओं की नजर नामांकन प्रक्रिया और मतदान की तारीख पर रहेगी।

Share:

Leave a Comment