enewsmp.com
Home सीधी दर्पण दीपावली के दृष्टिगत कलेक्टर विकास मिश्रा ने जिला चिकित्सालय का किया निरीक्षण

दीपावली के दृष्टिगत कलेक्टर विकास मिश्रा ने जिला चिकित्सालय का किया निरीक्षण

सीधी (ईन्यूज एमपी)-दीपावली पर्व के दौरान संभावित दुर्घटनाओं एवं आपातकालीन चिकित्सा आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर विकास मिश्रा ने जिला चिकित्सालय सीधी का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने चिकित्सालय में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं एवं मरीजों के उपचार के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

कलेक्टर ने चिकित्सालय के विभिन्न वार्डों, आपातकालीन कक्ष एवं अन्य चिकित्सा इकाइयों का निरीक्षण कर मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि दीपावली के दौरान चिकित्सालय में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त रखी जाएं। आपातकालीन स्थिति में मरीजों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराने के लिए चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टाफ की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने निर्देश दिए कि चिकित्सालय में आवश्यक जीवनरक्षक दवाइयों, चिकित्सा उपकरणों एवं अन्य संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता रखी जाए। विशेष रूप से पटाखों से जलने, आंखों में चोट लगने, सड़क दुर्घटनाओं एवं अन्य आकस्मिक घटनाओं के मामलों में त्वरित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। बर्न इंजरी के उपचार के लिए आवश्यक दवाइयां एवं चिकित्सा सामग्री उपलब्ध रखने के निर्देश भी दिए।

कलेक्टर ने कहा कि त्योहार के दौरान आम नागरिकों को किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य संबंधी परेशानी न हो, इसके लिए स्वास्थ्य विभाग पूरी सतर्कता एवं तत्परता से कार्य करे। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को निर्देशित किया कि साफ-सफाई, पेयजल, मरीजों के लिए आवश्यक सुविधाओं तथा चिकित्सा सेवाओं की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने कहा कि दीपावली के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करें, जिससे जरूरतमंद मरीजों को समय पर बेहतर उपचार मिल सके।

इस दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ अशोक कुमार खरे, सिविल सर्जन डॉ दीपारानी इसरानी सहित चिकित्सकगण उपस्थित रहे।

Share:

Leave a Comment