enewsmp.com
Home खेल सीधी में संभाग स्तरीय शालेय खेल प्रतियोगिताओं का शुभारंभ, 800 खिलाड़ी दिखा रहे दमखम

सीधी में संभाग स्तरीय शालेय खेल प्रतियोगिताओं का शुभारंभ, 800 खिलाड़ी दिखा रहे दमखम

सीधी(ईन्यूज एमपी)- संभाग स्तरीय शालेय खेल कैलेंडर के तहत शुक्रवार को सीधी जिले में दो दिवसीय संभाग स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं का शुभारंभ हुआ। 16 और 17 अक्टूबर तक आयोजित इन प्रतियोगिताओं में संभाग के चार जिलों के लगभग 800 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थी विभिन्न खेल विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।

एथलेटिक्स प्रतियोगिता का शुभारंभ जिला शिक्षा अधिकारी पवन कुमार सिंह ने बालक 14 वर्ष आयु वर्ग की 100 मीटर दौड़ को हरी झंडी दिखाकर किया। इस दौरान खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला। वहीं, जिला शिक्षा अधिकारी ने पुलिस लाइन सीधी स्थित वुशू ट्रेनिंग सेंटर में आयोजित कुरास प्रतियोगिता का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

कई खेल विधाओं में हो रही प्रतिस्पर्धा

प्रतियोगिता के अंतर्गत बालक-बालिका 14 एवं 19 वर्ष आयु वर्ग की एथलेटिक्स, बालक 14 वर्ष क्रिकेट, बालक-बालिका 19 वर्ष थ्रो बॉल, बालक-बालिका 14 वर्ष बास्केटबॉल, साइकिलिंग, कुरास, स्क्वैश और ताइक्वांडो की प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। इन खेलों के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने और खेल कौशल विकसित करने का अवसर मिल रहा है।

चार स्थानों पर हो रहे मुकाबले

संभाग स्तरीय शालेय खेल प्रतियोगिताएं छत्रसाल स्टेडियम, शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक-1, क्रिकेटर हब अकादमी हाउसिंग बोर्ड और वुशू ट्रेनिंग सेंटर पुलिस लाइन सीधी में आयोजित की जा रही हैं। दो दिवसीय आयोजन के दौरान विभिन्न खेल विधाओं में खिलाड़ी अपनी दक्षता और खेल भावना का प्रदर्शन करेंगे।

Share:

Leave a Comment