ब्यौहारी/शहडोल(ईन्यूज एमपी)- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जनजातीय गौरव सप्ताह के अंतर्गत ब्यौहारी में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने सड़क निर्माण, शिक्षा, पर्यटन और वन्यजीव संरक्षण से जुड़ी योजनाओं की सौगात देते हुए क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर जोर दिया। इन घोषणाओं में कटनी से सिंगरौली तक फोरलेन सड़क निर्माण, डिजिटल लाइब्रेरी की स्थापना और संजय टाइगर रिजर्व में ब्यौहारी की ओर से प्रवेश द्वार विकसित करना प्रमुख है। मुख्यमंत्री ने कटनी से विजयसोता-बरगवां होते हुए सिंगरौली तक फोरलेन सड़क निर्माण की घोषणा की। इस सड़क के बनने से क्षेत्र में आवागमन की सुविधा बेहतर होने और प्रमुख शहरों के बीच संपर्क मजबूत होने की उम्मीद है। इसके अलावा सरसी मुख्य मार्ग से खड़ेह मंदिर तक 18 करोड़ रुपये की लागत से सड़क बनाई जाएगी। जामुनी से खड़ेह मंदिर तक 13 करोड़ रुपये तथा दुआरी से गांधिया तक 15 करोड़ रुपये की लागत से सड़क निर्माण कराया जाएगा। वहीं मऊ से चरखारी मार्ग तक भी सड़क निर्माण की घोषणा की गई है। क्षेत्र के विद्यार्थियों और युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने मुख्यमंत्री ने ब्यौहारी में सर्वसुविधायुक्त डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित करने की घोषणा की। यहां आधुनिक अध्ययन सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है, जिससे स्थानीय विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए बेहतर वातावरण मिल सकेगा।पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संजय टाइगर रिजर्व में ब्यौहारी की ओर से प्रवेश द्वार विकसित करने की घोषणा भी की गई। इससे इस क्षेत्र से वन्य पर्यटन को प्रोत्साहन मिलने और स्थानीय स्तर पर पर्यटन संबंधी गतिविधियों के विस्तार की संभावनाएं बढ़ेंगी। क्षेत्र में हाथियों के कारण किसानों की फसलों और ग्रामीणों के मकानों को होने वाले नुकसान को देखते हुए मुख्यमंत्री ने सुरक्षा के प्रभावी उपाय करने की बात कही। इसके लिए प्रभावित क्षेत्रों में ट्रेंच खोदने सहित अन्य सुरक्षात्मक उपाय किए जाएंगे।मुख्यमंत्री ने इस संबंध में आवश्यक जानकारी और प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के लिए भोपाल से विशेषज्ञों का दल भेजने की भी बात कही। विशेषज्ञों की टीम स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार हाथियों से बचाव के उपायों की जानकारी देगी।मुख्यमंत्री की इन घोषणाओं से ब्यौहारी और आसपास के क्षेत्रों में सड़क, शिक्षा, पर्यटन तथा वन्यजीवों से सुरक्षा से जुड़े कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है।