सीधी (ईन्यूज एमपी)-कलेक्टर विकास मिश्रा ने शनिवार को जिले के बहरी, सिहावल और अमिलिया क्षेत्र का दौरा कर प्रशासनिक व्यवस्थाओं एवं विभागीय कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने बहरी तहसील का निरीक्षण कर राजस्व अधिकारियों एवं कर्मचारियों की बैठक ली, वहीं सिहावल में खंड स्तरीय अधिकारियों के साथ विभिन्न शासकीय योजनाओं और विकास कार्यों की समीक्षा की। इसके अलावा अमिलिया खाद वितरण केंद्र पहुंचकर किसानों को खाद उपलब्ध कराने की व्यवस्था का निरीक्षण किया। बहरी तहसील में राजस्व कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों का संतुष्टिपूर्ण एवं समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने सीमांकन, नामांतरण एवं बंटवारा के लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता से निराकृत करने पर जोर दिया। रेलवे परियोजना से संबंधित भू-अर्जन के मामलों की समीक्षा करते हुए आवश्यक कार्यवाही समय पर पूरी करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि राजस्व न्यायालयों में लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा की जाए और आम नागरिकों को राजस्व सेवाओं का लाभ पारदर्शिता के साथ उपलब्ध कराया जाए। इसके बाद जनपद सभागार सिहावल में खंड स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर कलेक्टर ने विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने निर्देशित किया कि शासन की हितग्राहीमूलक योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक समय पर पहुंचे। निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने तथा अधिकारियों को नियमित निरीक्षण कर उनकी निगरानी करने के निर्देश दिए। शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान विद्यालयों में विद्यार्थियों की उपस्थिति, शैक्षणिक गतिविधियों एवं शिक्षा की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा। स्वास्थ्य विभाग को स्वास्थ्य संस्थाओं में बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने तथा आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों एवं महिलाओं से जुड़ी पोषण संबंधी सेवाओं का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण करने पर भी जोर दिया। वहीं अमिलिया स्थित खाद वितरण केंद्र के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने खाद के उपलब्ध स्टॉक और वितरण व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने किसानों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप पर्याप्त खाद उपलब्ध कराने तथा ई-टोकन प्रणाली के माध्यम से पारदर्शी वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि खाद वितरण में किसी भी प्रकार की अनियमितता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और किसानों को खाद प्राप्त करने में अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए। दौरे के दौरान उपखंड अधिकारी सिहावल राकेश शुक्ला, तहसीलदार हिमांशु शुक्ला, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत रोहित उपाध्याय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।