उमरिया(ईन्यूज एमपी)- मध्यप्रदेश के बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। रिजर्व के पनपथा परिक्षेत्र में एक बाघ शावक का कंकाल मिलने से वन विभाग में हड़कंप मच गया। जंगल के भीतर शावक का कंकाल मिलने की जानकारी मिलते ही वन विभाग के अधिकारी और मैदानी अमला मौके पर पहुंचा। फिलहाल घटनास्थल का निरीक्षण कर शावक की मौत के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। जानकारी के अनुसार, बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के पनपथा क्षेत्र में जंगल के अंदर बाघ शावक का कंकाल मिला है। घटना सामने आने के बाद वन विभाग की टीम सक्रिय हुई और अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर परिस्थितियों का जायजा लिया। कंकाल की स्थिति और घटनास्थल से मिलने वाले साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है। वन विभाग के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि शावक की मौत किन परिस्थितियों में हुई। क्या उसकी मौत प्राकृतिक कारणों से हुई या इसके पीछे कोई अन्य वजह रही, फिलहाल इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। अधिकारियों द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण कर उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है।बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व बाघों के संरक्षण के लिए देश के प्रमुख क्षेत्रों में शामिल है। ऐसे में जंगल के भीतर बाघ शावक का कंकाल मिलना वन्यजीवों की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर रहा है। फिलहाल वन विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि शावक की मौत कब और किन परिस्थितियों में हुई।