enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश टाइगर रिजर्व के अधिकारी के ठिकानों पर लोकायुक्त का छापा, 23 लाख नकद और 700 ग्राम सोना मिला

टाइगर रिजर्व के अधिकारी के ठिकानों पर लोकायुक्त का छापा, 23 लाख नकद और 700 ग्राम सोना मिला

भोपाल/छिंदवाड़ा(ईन्यूज एमपी)- मध्यप्रदेश में लोकायुक्त ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के सहायक संचालक संजीव शर्मा के दो ठिकानों पर छापा मारा है। शनिवार सुबह लोकायुक्त भोपाल की अलग-अलग टीमों ने छिंदवाड़ा और पचमढ़ी स्थित उनके सरकारी आवासों पर एक साथ तलाशी शुरू की। प्रारंभिक जांच में 23 लाख रुपये नकद, करीब 700 ग्राम सोने के जेवर और होटल-रिसॉर्ट से जुड़े दस्तावेज मिले हैं।

लोकायुक्त को संजीव शर्मा के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायत मिली थी। इसी आधार पर शनिवार सुबह करीब 7 बजे दोनों स्थानों पर कार्रवाई शुरू की गई। लोकायुक्त एसपी सुनील पाटीदार पचमढ़ी में और डीएसपी अजय मिश्रा छिंदवाड़ा में टीम का नेतृत्व कर रहे हैं।संजीव शर्मा वर्तमान में पचमढ़ी में पदस्थ हैं। कार्रवाई के दौरान वे अपने सरकारी आवास पर मौजूद बताए गए। लोकायुक्त की टीम यहां संपत्ति से संबंधित दस्तावेजों और अन्य वित्तीय रिकॉर्ड की जांच कर रही है।

छिंदवाड़ा की प्रोफेसर कॉलोनी स्थित उनके मकान में तलाशी के दौरान दो अलमारियां बंद मिली हैं। बताया गया है कि इनकी चाबियां संजीव शर्मा के पास हैं। टीम इन अलमारियों की जांच के साथ मकान में मौजूद अन्य दस्तावेजों को भी खंगाल रही है।प्रारंभिक जानकारी में पचमढ़ी में होटल और रिसॉर्ट होने की बात सामने आई है। इसके अलावा छिंदवाड़ा और होशंगाबाद में प्लॉट तथा अन्य संपत्तियों की जानकारी भी लोकायुक्त टीम को मिली है। इनमें दुकानें होने की संभावना भी जताई गई है।टीम बैंक खातों, निवेश, संपत्ति के दस्तावेजों और अन्य वित्तीय रिकॉर्ड की जांच कर रही है। अधिकारियों के अनुसार तलाशी पूरी होने और सभी दस्तावेजों के परीक्षण के बाद ही कुल संपत्ति का वास्तविक आंकड़ा सामने आएगा।

Share:

Leave a Comment