भोपाल(ईन्यूज एमपी)- जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में हो रही बर्फबारी का असर अब मध्यप्रदेश में भी दिखाई देने लगा है। प्रदेश में रात के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। बीती रात भोपाल, इंदौर समेत 20 शहरों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया। कटनी जिले का करौंदी 10.8 डिग्री तापमान के साथ प्रदेश में सबसे ठंडा रहा। मौसम विभाग के अनुसार अगले पांच दिनों में न्यूनतम तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट आ सकती है। ठंडी हवाओं के चलते सुबह और रात के समय ठिठुरन बढ़ने लगी है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 15 नवंबर के बाद प्रदेश में ठंड का असर और तेज होगा। पिछले दस वर्षों के मौसम के रुझान में नौ बार नवंबर के दूसरे पखवाड़े में तेज ठंड दर्ज की गई है। बीती रात कटनी के करौंदी में न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शहडोल के कल्याणपुर में 11.1 और शाजापुर के गिरवर में 11.2 डिग्री तापमान रहा। इंदौर और दमोह में 11.6 डिग्री, छिंदवाड़ा में 11.8 तथा भोपाल में 12 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया। इसी तरह पचमढ़ी में 12.2 डिग्री, मलाजखंड और नौगांव में 12.6 डिग्री, उमरिया में 13 डिग्री, जबलपुर में 13.4 डिग्री और उज्जैन में 14 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक वर्तमान में उत्तर-पश्चिम भारत में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। इसके प्रभाव से पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी और बारिश का दौर जारी है। 15 नवंबर से एक और मौसम प्रणाली सक्रिय होने की संभावना है। इसके आगे बढ़ने के बाद उत्तर भारत से ठंडी उत्तरी हवाएं मध्यप्रदेश की ओर आएंगी। इससे प्रदेश के न्यूनतम तापमान में और गिरावट हो सकती है। बंगाल की खाड़ी में एक निम्न दबाव का क्षेत्र भी सक्रिय है। यदि यह सिस्टम आगे बढ़ता है तो मध्यप्रदेश के पूर्वी हिस्सों में बारिश हो सकती है। इसके अलावा नवंबर के तीसरे और चौथे सप्ताह में नया मौसम सिस्टम सक्रिय होने से कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश की संभावना भी जताई गई है। नवंबर के दूसरे पखवाड़े में ग्वालियर-चंबल संभाग में ठंड का असर ज्यादा देखने को मिल सकता है। यहां उत्तर दिशा से आने वाली ठंडी हवाओं के कारण रात के तापमान में तेजी से गिरावट होती है। ऐतिहासिक आंकड़ों के मुताबिक ग्वालियर में नवंबर महीने में न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है, जबकि उज्जैन में 53 साल पहले न्यूनतम तापमान 2.3 डिग्री दर्ज किया गया था। राजधानी भोपाल में नवंबर के दौरान रात का तापमान सामान्यतः 9 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंच जाता है। पिछले दस वर्षों में भी यही रुझान देखने को मिला है। इस बार भी नवंबर के दूसरे पखवाड़े से तापमान में तेजी से गिरावट आने की संभावना है। भोपाल, इंदौर और जबलपुर में नवंबर महीने के दौरान बारिश होने का भी इतिहास रहा है।