भोपाल(ईन्यूज एमपी)- पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी का असर अब मध्यप्रदेश में भी दिखाई देने लगा है। प्रदेश में रात के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। सुबह के समय कई शहरों में धुंध छाने लगी है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार बीती रात प्रदेश के 20 शहरों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया। कटनी जिले का करौंदी 10.6 डिग्री तापमान के साथ प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा। ठंड का असर इस कदर बढ़ रहा है कि प्रदेश के एकमात्र हिल स्टेशन पचमढ़ी से भी इंदौर और भोपाल ज्यादा ठंडे रहे। इंदौर में न्यूनतम तापमान 11.1 डिग्री, भोपाल में 12.2 डिग्री और पचमढ़ी में 12.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक कटनी के करौंदी में न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके बाद इंदौर में 11.1 डिग्री, भोपाल में 12.2 डिग्री, पचमढ़ी में 12.6 डिग्री और अन्य कई शहरों में तापमान 15 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। रात के समय ठंडी हवाओं के कारण लोगों को ठिठुरन महसूस होने लगी है। मौसम विभाग के अनुसार हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी का दौर जारी है। वहीं 14 और 15 नवंबर को राजस्थान के बीकानेर संभाग में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बारिश होने की संभावना है। इसके बाद मध्यप्रदेश में उत्तरी हवाओं का प्रभाव बढ़ेगा। अनुमान है कि अगले पांच दिनों में प्रदेश के न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट हो सकती है। नवंबर के दूसरे पखवाड़े से ठंड का असर और तेज होने की संभावना है। नवंबर के दूसरे पखवाड़े में ग्वालियर-चंबल संभाग में सीधी उत्तरी हवाओं के कारण तापमान में तेजी से गिरावट आने के आसार हैं। वहीं शुक्रवार को प्रदेश के किसी भी हिस्से में आंधी या बारिश का अलर्ट नहीं है। फिलहाल मौसम शुष्क बना रहेगा। हालांकि नवंबर के तीसरे और चौथे सप्ताह में नया मौसम सिस्टम सक्रिय होने पर प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना बन सकती है।राजधानी भोपाल में नवंबर महीने के दौरान रात का तापमान सामान्य तौर पर 9 से 12 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाता है। पिछले दस वर्षों के मौसम रिकॉर्ड में भी ऐसा ही रुझान देखने को मिला है। मौसम विभाग के ऐतिहासिक आंकड़ों के अनुसार भोपाल में नवंबर का अब तक का न्यूनतम तापमान 6.1 डिग्री सेल्सियस रहा है, जो 30 नवंबर 1941 को दर्ज किया गया था। नवंबर महीने में बारिश का भी इतिहास रहा है। पिछले दस वर्षों में तीन बार इस महीने बारिश दर्ज की गई है। वहीं वर्ष 1936 में नवंबर के दौरान साढ़े पांच इंच से अधिक बारिश हुई थी।