सीधी(ईन्यूज एमपी)- जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ जांच एजेंसियों की कार्रवाई लगातार जारी है। गुरुवार को जिले में रिश्वतखोरी के दो अलग-अलग मामलों में बड़ी कार्रवाई सामने आई। मझौली में लोकायुक्त रीवा की टीम ने पंचायत सचिव को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया, वहीं अब आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) ने पतुलखी में कार्रवाई करते हुए छात्रावास अधीक्षक को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पतुलखी छात्रावास में पदस्थ अधीक्षक रामदरश पर आरोप है कि उन्होंने छात्रावास में कार्यरत एक कर्मचारी के नियमितीकरण की प्रक्रिया के एवज में 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। इस संबंध में शिकायतकर्ता सुरेश प्रसाद द्विवेदी ने आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी।शिकायत मिलने के बाद EOW की टीम ने मामले की जांच की और शिकायत की पुष्टि के उपरांत कार्रवाई की योजना बनाई। गुरुवार को टीम ने कार्रवाई करते हुए अधीक्षक रामदरश को कथित तौर पर 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। हालांकि सिहावल में हुई इस कार्यवाही को लेकर दबी जुबान से एक चर्चा यह भी है कि एक और व्यक्ति व्यक्तिगत स्वार्थ की भेंट चढ़ गया...? जी हां जन चर्चा की मानें तो सिहावल में सक्रिय एक ट्रायवल के कर्मचारी द्वारा अब तक कई लोगों को चपेट में लिया जा चुका है उसके द्वारा लोकायुक्त और ईओडब्ल्यू में शिकायत पर कई लोगों को शिकार बनाया गया है। अपने अनुरूप कार्य न होने पर कर्मचारियों को इन एजेंसियों की भेंट चढ़ाया जाता है हालांकि यह जांच का विषय है पर इस क्षेत्र में एक व्यक्ति का नाम जोरों से चर्चा में है। सीधी जिले में एक ही दिन में लोकायुक्त और EOW की दो अलग-अलग कार्रवाइयों ने सरकारी महकमों में हलचल पैदा कर दी है। मझौली में पंचायत सचिव की गिरफ्तारी के बाद पतुलखी में छात्रावास अधीक्षक की गिरफ्तारी ने एक बार फिर सरकारी कामकाज में रिश्वतखोरी के मामलों को चर्चा में ला दिया है।दोनों मामलों में जांच एजेंसियों की कार्रवाई के बाद अब आगे की वैधानिक प्रक्रिया पर नजर बनी हुई है।