enewsmp.com
Home सीधी दर्पण जोगदह पुल के पास वन विभाग की कैम्पर और ऑटो में जोरदार भिड़ंत, पांच घायल

जोगदह पुल के पास वन विभाग की कैम्पर और ऑटो में जोरदार भिड़ंत, पांच घायल

सीधी(ईन्यूज एमपी)- जिले के अमिलिया थाना क्षेत्र अंतर्गत जोगदह पुल के पास मंगलवार दोपहर करीब 1:30 बजे वन विभाग की तेज रफ्तार कैम्पर और ऑटो के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो में सवार पांच लोग घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद दो अलग-अलग एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल सीधी पहुंचाया। ईएमटी शिव द्विवेदी ने बताया कि जब एंबुलेंस टीम घटनास्थल पर पहुंची, तब सभी घायल सड़क किनारे पड़े हुए थे। इसके बाद एंबुलेंस चालक बृहस्पति विश्वकर्मा के सहयोग से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे में घायलों के सिर, हाथ और पैरों में चोटें आई हैं।

एंबुलेंस चालक बृहस्पति विश्वकर्मा के अनुसार दुर्घटना में कुंज बिहारी विश्वकर्मा (59) और उनकी पत्नी उमा विश्वकर्मा (58) गंभीर रूप से घायल हुए हैं। वहीं, अन्य तीन लोगों को भी चोटें आई हैं। सभी घायलों का जिला अस्पताल में उपचार जारी है।

अमिलिया थाना प्रभारी राकेश बैंस ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम को तत्काल मौके पर रवाना किया गया था। पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से थाने में आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने के बाद मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Share:

Leave a Comment