enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश दिवाली के बाद कांपेगा मध्यप्रदेश, कई शहरों में 10 डिग्री तक पहुंचेगा रात का पारा

दिवाली के बाद कांपेगा मध्यप्रदेश, कई शहरों में 10 डिग्री तक पहुंचेगा रात का पारा

भोपाल(ईन्यूज एमपी)- मध्यप्रदेश में दिवाली के बाद ठंड का असर तेजी से बढ़ने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार, अगले चार दिनों में प्रदेश के न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है। इसके चलते कई शहरों में रात का तापमान 10 से 11 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। फिलहाल प्रदेश में रात के तापमान में गिरावट का दौर जारी है और सुबह-शाम हल्की ठंड महसूस होने लगी है।

बीती रात इंदौर में न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। शहडोल के कल्याणपुर और दमोह में 12.2 डिग्री, शाजापुर जिले के गिरवर में 12.6 डिग्री तथा उमरिया में 12.7 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। राजधानी भोपाल और पचमढ़ी में न्यूनतम तापमान 12.8 डिग्री सेल्सियस रहा।

रात के तापमान में गिरावट के बीच दिन में गर्मी का असर भी बना हुआ है। अमरकंटक, पचमढ़ी, मलाजखंड, बैतूल, शिवपुरी और करौंदी में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस या इससे कम दर्ज किया गया। वहीं छिंदवाड़ा में अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा।

मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को प्रदेश के किसी भी जिले में आंधी या बारिश का अलर्ट जारी नहीं किया गया है। रूपचौदस के दिन मौसम साफ रहने की संभावना है। वहीं 8 नवंबर को दीपावली पर भी बारिश का कोई अलर्ट नहीं है। ऐसे में त्योहार के दौरान बाजारों में खरीदारी, सजावट और अन्य कार्यक्रमों में मौसम की बाधा आने की संभावना नहीं है।

पिछले 10 वर्षों के मौसम के रुझान के अनुसार, नवंबर के दूसरे पखवाड़े से प्रदेश में ठंड का असर बढ़ने लगता है। इस बार भी मौसम का मिजाज कुछ ऐसा ही रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक, नवंबर के दूसरे सप्ताह से तापमान में गिरावट का सिलसिला तेज हो सकता है।

उत्तरी हवाओं का सीधा प्रभाव ग्वालियर-चंबल संभाग के जिलों में देखने को मिल सकता है। यहां रात के तापमान में अधिक गिरावट आने की संभावना है। ग्वालियर में नवंबर महीने के दौरान न्यूनतम तापमान का ऐतिहासिक रिकॉर्ड 3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। वहीं उज्जैन में 53 साल पहले नवंबर में न्यूनतम तापमान 2.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

मौसम विभाग के अनुसार, भोपाल, इंदौर और जबलपुर सहित कुछ शहरों में नवंबर के दौरान बारिश का रुझान रहा है। इस बार भी महीने के तीसरे और चौथे सप्ताह में मौसम प्रणाली सक्रिय होने पर प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है। फिलहाल त्योहारों के दौरान मौसम साफ रहने और इसके बाद ठंड बढ़ने के संकेत हैं।

Share:

Leave a Comment