कुसमी(ईन्यूज एमपी)- जंगलों में वन्यजीवों के अवैध शिकार पर रोक लगाने के लिए वन विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है। इसी कड़ी में टमसार बफर रेंज के वन परिक्षेत्राधिकारी हर्षित मिश्रा के निर्देश पर वन अमले ने क्षेत्र की हार्डवेयर और बिजली दुकानों में सघन जांच अभियान शुरू किया है। जांच के दौरान डिप्टी रेंजर अवध बिहारी मित्रा, परिक्षेत्र सहायक रौहाल श्रीचन्द्र पनिका, परिक्षेत्र सहायक कुसमी एवं वनरक्षक मोहित प्रजापति ने दुकानदारों को जीआई वायर, नुकीले उपकरण, सिल्वर वायर और खुले बिजली के तारों की बिक्री में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। वनकर्मियों ने स्पष्ट किया कि इन सामग्रियों का इस्तेमाल वन्यजीवों के शिकार में किए जाने की आशंका रहती है। इसलिए ऐसी सामग्री खरीदने वाले व्यक्तियों का नाम और आवश्यक जानकारी रजिस्टर में दर्ज की जाए। यदि कोई व्यक्ति संदिग्ध परिस्थितियों में सामग्री खरीदता है तो उसकी जानकारी तत्काल वन विभाग को दी जाए। अभियान के दौरान दुकानदारों को वन्यजीव संरक्षण के महत्व और अवैध शिकार से पर्यावरण को होने वाले नुकसान के बारे में भी जागरूक किया गया। वन विभाग ने ग्रामीणों से भी जंगलों और वन्य प्राणियों की सुरक्षा में सहयोग करने की अपील की है। वन विभाग की इस पहल को शिकारियों की गतिविधियों पर निगरानी रखने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। विभाग का उद्देश्य शिकार में इस्तेमाल होने वाली सामग्री की खरीद-बिक्री पर नजर रखते हुए संभावित अवैध गतिविधियों पर समय रहते अंकुश लगाना है।