भोपाल(ईन्यूज एमपी)- मध्यप्रदेश में राज्यसभा चुनाव और संभावित उपचुनावों के बीच राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की अलग-अलग मुलाकातों ने प्रदेश के राजनीतिक गलियारों में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है। सोमवार को पूर्व गृहमंत्री एवं दतिया से भाजपा के वरिष्ठ नेता नरोत्तम मिश्रा मुख्यमंत्री निवास पहुंचे और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात की। खास बात यह रही कि कुछ समय बाद केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान भी मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचे। दोनों नेताओं की अलग-अलग मुलाकातों को लेकर राजनीतिक हलकों में कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इन मुलाकातों का संबंध आगामी राज्यसभा चुनाव और संभावित दतिया विधानसभा उपचुनाव से हो सकता है। दतिया सीट कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती का निर्वाचन शून्य घोषित होने के बाद रिक्त मानी जा रही है, जिसके चलते उपचुनाव की चर्चा जोरों पर है। भाजपा की ओर से इस सीट पर नरोत्तम मिश्रा को संभावित उम्मीदवार माना जा रहा है। इधर, जून माह में मध्यप्रदेश की तीन राज्यसभा सीटों पर चुनाव होना है। वर्तमान में इनमें से दो सीटें भाजपा और एक सीट कांग्रेस के पास है। दोनों दल अपने-अपने समीकरण साधने में जुटे हुए हैं। भाजपा जहां अपनी दोनों सीटें बरकरार रखने के साथ तीसरी सीट पर भी नजर बनाए हुए है, वहीं कांग्रेस अपनी सीट बचाने की रणनीति तैयार कर रही है। निर्वाचन आयोग द्वारा राज्यसभा चुनाव की अधिसूचना जारी होने के साथ ही नामांकन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। हालांकि पहले दिन कोई भी उम्मीदवार नामांकन दाखिल करने नहीं पहुंचा। नामांकन की अंतिम तिथि 8 जून निर्धारित की गई है, जबकि आवश्यकता पड़ने पर 18 जून को मतदान कराया जाएगा। मुख्यमंत्री से हुई इन मुलाकातों और राज्यसभा चुनाव की प्रक्रिया शुरू होने के बाद प्रदेश की राजनीति में नए समीकरणों की संभावनाओं को लेकर चर्चाएं और तेज हो गई हैं।