रीवा(ईन्यूज एमपी)- जिले के पनवार थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम छतैनी में मानवता को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहां जन्म के तुरंत बाद एक नवजात बच्ची को झाड़ियों में लावारिस हालत में छोड़ दिया गया। गुरुवार सुबह झाड़ियों से बच्ची के रोने की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। वहां नवजात को देखकर उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बच्ची को सुरक्षित बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। जानकारी के मुताबिक, गुरुवार सुबह कुछ ग्रामीण गांव के आसपास से गुजर रहे थे। इसी दौरान उन्हें झाड़ियों की तरफ से किसी बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दी। पहले ग्रामीणों ने आवाज पर ध्यान दिया, लेकिन लगातार रोने की आवाज आने पर वे झाड़ियों के पास पहुंचे। वहां एक नवजात बच्ची लावारिस हालत में पड़ी हुई थी। इसके बाद ग्रामीणों ने बिना देर किए पुलिस को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही पनवार थाना प्रभारी कन्हैया सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने नवजात बच्ची को झाड़ियों से बाहर निकाला और तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद बच्ची की स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए रीवा के संजय गांधी अस्पताल रेफर कर दिया गया। वर्तमान में नवजात बच्ची का संजय गांधी अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में इलाज किया जा रहा है। जानकारी के अनुसार बच्ची की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। चिकित्सकीय टीम उसकी सेहत पर लगातार नजर रख रही है। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। नवजात बच्ची को झाड़ियों में किसने और किन परिस्थितियों में छोड़ा, इसका पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस आसपास के क्षेत्र में जानकारी जुटा रही है, ताकि बच्ची के परिजनों की पहचान की जा सके। फिलहाल बच्ची को वहां छोड़ने वाले व्यक्ति के संबंध में कोई जानकारी सामने नहीं आई है।