enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश MP में बढ़ने लगी ठंड, 17 शहरों में पारा 15 डिग्री से नीचे; सीधी में 14.8 डिग्री तापमान

MP में बढ़ने लगी ठंड, 17 शहरों में पारा 15 डिग्री से नीचे; सीधी में 14.8 डिग्री तापमान

भोपाल(ईन्यूज एमपी)- मध्यप्रदेश में अब ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। प्रदेश के 17 शहरों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। अमरकंटक और कटनी के करौंदी में रात का तापमान 12 डिग्री से भी कम दर्ज किया गया। वहीं, सीधी जिले में न्यूनतम तापमान 14.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। मौसम विभाग ने आगामी चार दिनों में न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री तक गिरावट होने की संभावना जताई है।

मौसम में बदलाव के चलते सुबह और रात के समय ठंड का एहसास बढ़ने लगा है। कई शहरों में सुबह हल्का कोहरा और रात में धुंध दिखाई दे रही है। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल प्रदेश में बारिश की कोई संभावना नहीं है।

प्रदेश में सबसे कम तापमान अनूपपुर जिले के अमरकंटक में 10.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कटनी के करौंदी में 11.3 डिग्री, दमोह में 12 डिग्री और शहडोल के कल्याणपुर में 12.3 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ।

इसके अलावा रायसेन में 12.6 डिग्री, मलाजखंड में 12.8 डिग्री, भोपाल में 12.8 डिग्री, छिंदवाड़ा और जबलपुर में 13 डिग्री तथा पचमढ़ी में करीब 13 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। उमरिया, मंडला, नौगांव और रीवा में भी पारा 14 डिग्री के आसपास बना हुआ है। सीधी में न्यूनतम तापमान 14.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग के मुताबिक अगले चार दिनों में प्रदेश के न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। इससे रात के साथ सुबह के समय ठंड का असर और बढ़ने की संभावना है। फिलहाल प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा।

एक तरफ प्रदेश में ठंड बढ़ रही है, वहीं दूसरी ओर दिवाली के बाद वायु प्रदूषण की समस्या गंभीर होती जा रही है। भोपाल और उज्जैन में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 400 के पार पहुंचने की जानकारी सामने आई है। पांच साल में ऐसा तीसरी बार हुआ है।

ग्वालियर, इंदौर, देवास, जबलपुर, मंडीदीप, सिंगरौली, पीथमपुर और कटनी समेत कई शहरों में भी प्रदूषण का स्तर बढ़ा है। रात करीब 8 बजे के बाद शहरों में धुंध छाने लगती है। सुबह के समय भी हल्का कोहरा दिखाई दे रहा है।


मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को प्रदेश के किसी भी जिले में आंधी या बारिश का अलर्ट जारी नहीं किया गया है। पिछले एक सप्ताह से जारी आंधी और बारिश का दौर अब थम गया है। फिलहाल मौसम साफ रहने और तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आने का अनुमान है।

Share:

Leave a Comment