enewsmp.com
Home विंध्य प्रदेश देर रात दर्दनाक हादसा: कच्चा मकान ढहने से एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत, 6 घायल

देर रात दर्दनाक हादसा: कच्चा मकान ढहने से एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत, 6 घायल

सिंगरौली(ईन्यूज एमपी)- जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत बरहपान गांव में सोमवार की रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। रात करीब 11 बजे एक कच्चा मकान अचानक भरभराकर ढह गया। हादसे के समय परिवार के सदस्य घर के अंदर सो रहे थे। मकान के मलबे में दबने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य लोग घायल हो गए। घटना के बाद गांव में चीख-पुकार मच गई।

मृतकों में 36 वर्षीय अरुण विश्वकर्मा, 65 वर्षीय सतुलिया देवी और महज दो साल की मासूम पुष्पा विश्वकर्मा शामिल हैं। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया गया।

मकान के मलबे में कई लोगों के दबे होने की जानकारी मिलने पर प्रशासन ने जेसीबी की मदद से मलबा हटवाया। ग्रामीणों ने भी बचाव कार्य में पूरी ताकत लगा दी। काफी मशक्कत के बाद मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। घायलों को तत्काल जिला चिकित्सालय बैढ़न के ट्रामा सेंटर पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

हादसे में घायल महिला बेलमती ने बताया कि परिवार के सभी लोग रात में घर के अंदर सो रहे थे। मकान की एक दीवार पहले से फटी हुई थी और उसमें से आवाज भी आ रही थी। उन्हें मकान गिरने की आशंका हुई, लेकिन परिवार के लोग कुछ समझ पाते, इससे पहले ही पूरा मकान अचानक ढह गया। बेलमती अपने चार बच्चों के साथ मलबे में दब गई थीं। ग्रामीणों ने उन्हें बाहर निकाला। उनका एक साल का बच्चा भी मलबे में दब गया था। महिला के पति अन्य परिजनों को बचाने के लिए घर के अंदर गए, लेकिन वह खुद बाहर नहीं निकल पाए।


घटना की जानकारी मिलने पर एसडीएम सुरेश यादव मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। उन्होंने बताया कि मलबे से बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों सहित कई लोगों को बाहर निकाला गया। हादसे में एक पुरुष, एक महिला और एक बच्ची की मौत हुई है, जबकि घायलों को बैढ़न ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है।

प्रशासन की ओर से मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे बरहपान गांव में शोक का माहौल है। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से गांव के लोग स्तब्ध हैं।

Share:

Leave a Comment