enewsmp.com
Home सीधी दर्पण सीधी के रेत खदान में बड़ा हादसा, पोकलेन मशीन पलटने से सहायक चालक की मौत...

सीधी के रेत खदान में बड़ा हादसा, पोकलेन मशीन पलटने से सहायक चालक की मौत...

सीधी(ईन्यूज एमपी)- जिले के कुसमी थाना क्षेत्र अंतर्गत रामपुर पंचायत के पोंड़ी (बजवई) रेत घाट में बड़ा हादसा हो गया। गोपद नदी में रेत धुलाई के दौरान गहरे पानी में पोकलेन मशीन पलट गई। हादसे में मशीन पर सवार सहायक चालक अंबेडकर प्रजापति, निवासी झोंको (बहरी), की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मशीन पलटने के दौरान मुख्य चालक ने किसी तरह तैरकर अपनी जान बचा ली, जबकि सहायक चालक मशीन के नीचे अथवा गहरे पानी में फंस गया।

जानकारी के अनुसार घटना रविवार शाम की बताई जा रही है। हादसे के बाद सहायक चालक की तलाश शुरू की गई। रातभर चले रेस्क्यू अभियान के बाद आज सोमवार सुबह उसका शव बरामद किया गया। घटना की सूचना मिलने पर कुसमी पुलिस बल और संबंधित कंपनी के प्रबंधन के लोग मौके पर पहुंचे। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

हादसे के बाद घटनास्थल से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए हैं। इनमें रात के अंधेरे में तीन पोकलेन मशीनों की मदद से पलटी हुई मशीन को बाहर निकालने का प्रयास दिखाई दे रहा है। स्थानीय स्तर पर सामने आई जानकारी के अनुसार रातभर रेस्क्यू अभियान चलाया गया, जिसके बाद सोमवार सुबह सहायक चालक का शव बरामद किया जा सका।


स्थानीय स्तर से मिली जानकारी के मुताबिक पोंड़ी बजवई रेत खदान में शक्ति इंटरप्राइजेज कंपनी के लिए पेटी कांट्रेक्टर राजेंद्र शुक्ल द्वारा मशीनों से रेत की लोडिंग कराई जा रही थी। हादसे के बाद खदान में पोकलेन मशीनों के इस्तेमाल और उत्खनन की प्रक्रिया को लेकर सवाल उठने लगे हैं। हालांकि, खदान संचालन की जिम्मेदारी, मशीनों के उपयोग की अनुमति और नियमों के पालन की आधिकारिक स्थिति जांच का विषय है।

स्थानीय स्तर पर आरोप लगाए जा रहे हैं कि घाट में निर्धारित नियमों की अनदेखी कर पोकलेन मशीनों से रेत निकालने और लोडिंग का काम किया जा रहा था। ऐसे में सवाल उठता है कि खदान में मशीनों का उपयोग किन परिस्थितियों में किया जा रहा था? क्या संबंधित विभाग द्वारा नियमित निरीक्षण किया जा रहा था? यदि नियमों के विपरीत मशीनों का संचालन हो रहा था, तो जिम्मेदार अधिकारियों को इसकी जानकारी क्यों नहीं हुई?

फिलहाल सहायक चालक की मौत से क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस हादसे के कारणों, मशीन संचालन की परिस्थितियों और खदान में अपनाई जा रही प्रक्रिया की जांच कर रही है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में ठेकेदार और जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध क्या कार्रवाई करता है।

Share:

Leave a Comment