enewsmp.com
Home विंध्य प्रदेश नवागत कलेक्टर का जिला अस्पताल में औचक निरीक्षण, गंदगी मिलने पर सिविल सर्जन को एक सप्ताह का अल्टीमेटम

नवागत कलेक्टर का जिला अस्पताल में औचक निरीक्षण, गंदगी मिलने पर सिविल सर्जन को एक सप्ताह का अल्टीमेटम

सिंगरौली(ईन्यूज एमपी)-नवागत कलेक्टर अंकित अस्थाना ने गुरुवार को जिला अस्पताल सह ट्रामा सेंटर का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल के कॉमन एरिया में गंदगी और सफाई व्यवस्था में लापरवाही मिलने पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई। उन्होंने सिविल सर्जन को एक सप्ताह के भीतर व्यवस्थाओं में सुधार करने का सख्त निर्देश दिया।

कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि निर्धारित समय में सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं हुई तो इसकी पूरी जिम्मेदारी सिविल सर्जन की होगी। उन्होंने सफाई ठेकेदार को नोटिस जारी कर सुधार का अवसर देने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि एक सप्ताह बाद दोबारा निरीक्षण में स्थिति में सुधार नहीं मिला तो संबंधित ठेकेदार को हटाने (टर्मिनेट) की कार्रवाई की जाएगी।

आगामी दीपावली पर्व को देखते हुए कलेक्टर ने अस्पताल की बर्न यूनिट का भी निरीक्षण किया। उन्होंने आग से झुलसने वाले मरीजों के उपचार के लिए उपलब्ध सुविधाओं और तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि बर्न यूनिट में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में मरीजों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जा सके।

निरीक्षण के दौरान अस्पताल में वार्ड बॉय और सुरक्षा कर्मचारियों की तैनाती से संबंधित अनुबंध की अवधि समाप्त होने का मामला भी सामने आया। इस पर कलेक्टर ने प्रक्रिया में तेजी लाने और जल्द नया टेंडर जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल में आवश्यक कर्मचारियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा, ताकि मरीजों को उपचार के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।

निरीक्षण के दौरान इलाज कराने पहुंचे कुछ मरीजों ने कलेक्टर से शिकायत की कि कई बार डॉक्टर निर्धारित समय पर ओपीडी में उपलब्ध नहीं रहते। इससे मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। कलेक्टर ने स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने और मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने पर जोर दिया।उन्होंने स्पष्ट किया कि जिला अस्पताल में सफाई, उपचार और कर्मचारियों की उपलब्धता के मामले में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Share:

Leave a Comment