सीधी(ईन्यूज एमपी)-जिले में 9 नवंबर 2026, सोमवार को समस्त गौशालाओं में गोवर्धन पूजा कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में कलेक्टर विकास मिश्रा द्वारा आदेश जारी कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां एवं व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। गोवर्धन पूजा कार्यक्रम के अंतर्गत जिले की सभी गौशालाओं में गौपूजन किया जाएगा तथा गाय के सामाजिक, आर्थिक एवं सांस्कृतिक महत्व पर आधारित कार्यक्रम आयोजित होंगे। इसके साथ ही गौमाता के बेहतर पालन-पोषण एवं उन्हें अधिक उत्पादक बनाने के संबंध में संगोष्ठी आयोजित की जाएगी। सभी गौशालाओं में टीवी स्क्रीन के माध्यम से भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के उद्बोधन एवं कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया जाएगा। गोपालकृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना के विजेता पशुपालकों को निकटतम गौशाला में आमंत्रित कर प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे तथा उनका सम्मान किया जाएगा। विधानसभा स्तर पर यहां होंगे आयोजन निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार विधानसभा क्षेत्र सीधी अंतर्गत ग्राम पंचायत छवारी की गौशाला में विधायक सीधी की उपस्थिति में गोवर्धन पूजन कार्यक्रम आयोजित होगा। सिहावल विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत तरका की गौशाला में विधायक सिहावल, चुरहट विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत हनुमानगढ़ की गौशाला में स्थानीय जनप्रतिनिधियों तथा धौहनी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत खजुरिहा समदा की गौशाला में सांसद एवं विधायक धौहनी की उपस्थिति में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए संबंधित क्षेत्र के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत को प्रभारी बनाया गया है। कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों से संवाद एवं समन्वय स्थापित करते हुए निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार गोवर्धन पूजन का आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।