enewsmp.com
Home सीधी दर्पण कलेक्टर विकास मिश्रा ने जिलेवासियों से की सावधानी, सतर्कता और आपसी सद्भाव के साथ त्योहार मनाने की अपील

कलेक्टर विकास मिश्रा ने जिलेवासियों से की सावधानी, सतर्कता और आपसी सद्भाव के साथ त्योहार मनाने की अपील

सीधी (ईन्यूज एमपी)-दीपावली पर्व के अवसर पर कलेक्टर विकास मिश्रा ने जिले के नागरिकों से खुशियों के इस त्योहार को सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं पर्यावरण अनुकूल तरीके से मनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि दीपावली प्रकाश, उल्लास और आपसी प्रेम का पर्व है। इसकी खुशियां मनाते समय स्वयं की सुरक्षा के साथ परिवार और आसपास के लोगों की सुरक्षा का भी विशेष ध्यान रखना आवश्यक है।

कलेक्टर ने नागरिकों से अपील की है कि आतिशबाजी के दौरान निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करें और पटाखों का उपयोग पूरी सावधानी के साथ करें। बच्चों को अकेले पटाखे न जलाने दें तथा आतिशबाजी के दौरान उन्हें बड़ों की निगरानी में रखें। पटाखे जलाने के लिए हमेशा खुले एवं सुरक्षित स्थान का चयन करें और आसपास पानी एवं रेत की व्यवस्था अवश्य रखें।

उन्होंने कहा कि पेट्रोल, डीजल, गैस सिलेंडर एवं अन्य ज्वलनशील पदार्थों के आसपास आतिशबाजी न करें। जलते हुए पटाखों के नजदीक जाने तथा अधजले या फटे हुए पटाखों को दोबारा जलाने से बचें। किसी भी प्रकार की लापरवाही दुर्घटना का कारण बन सकती है।

कलेक्टर ने पर्यावरण संरक्षण पर जोर देते हुए कम प्रदूषण वाले पटाखों के उपयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि आतिशबाजी के दौरान होने वाले ध्वनि एवं वायु प्रदूषण से बुजुर्गों, छोटे बच्चों, बीमार व्यक्तियों और पशु-पक्षियों को परेशानी होती है। इसलिए उनकी सुविधा एवं संवेदनशीलता का विशेष ध्यान रखा जाए।

उन्होंने नागरिकों से त्योहार के दौरान यातायात नियमों का पालन करने, सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता बनाए रखने तथा किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए सतर्क रहने की अपील की है।

कलेक्टर ने जिलेवासियों से आग्रह किया है कि दीपावली का पर्व प्रेम, भाईचारे, सौहार्द और सामाजिक सद्भाव के साथ मनाएं। त्योहार की खुशियां इस तरह साझा करें कि किसी की सुरक्षा, स्वास्थ्य और पर्यावरण प्रभावित न हो।

Share:

Leave a Comment