सीधी(ईन्यूज एमपी)- धनतेरस की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब नई बाइक खरीदकर घर लौट रहे तीन युवकों के साथ दर्दनाक हादसा हो गया। मड़वास थाना क्षेत्र के ग्राम हिनौता में देर रात करीब 11 बजे अनियंत्रित मोटरसाइकिल सड़क किनारे गड्ढे में जा घुसी। हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम महुआ निवासी तीन युवक धनतेरस के दिन सीधी स्थित बजाज एजेंसी से नई पल्सर मोटरसाइकिल खरीदकर अपने गांव लौट रहे थे। बाइक पर मनोज सिंह (20), कृष्ण देव सिंह (21) और बृज सिंह (21) सवार थे। इसी दौरान ग्राम हिनौता के पास अचानक बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि मनोज सिंह और कृष्ण देव सिंह की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि बृज सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि घायल बृज सिंह के पैर में तीन जगह फ्रैक्चर हुआ है। हादसे के बाद वह अचेत अवस्था में था और बोलने की स्थिति में नहीं था। उसे पहले मड़वास अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल सीधी भेजा गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे संजय गांधी अस्पताल रीवा रेफर कर दिया। एम्बुलेंस चालक जितेंद्र विश्वकर्मा के अनुसार घायल युवक की हालत बेहद गंभीर थी। वह पूरी तरह अचेत था और कुछ बोल नहीं पा रहा था। मड़वास थाना प्रभारी भूपेश बैस ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और गड्ढे में गिरे तीनों युवकों को बाहर निकलवाया। मोटरसाइकिल भी गड्ढे में फंसी हुई थी। दोनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजे गए हैं, जबकि घायल युवक को बेहतर उपचार के लिए रीवा रेफर किया गया है। धनतेरस पर नई बाइक खरीदकर घर लौट रहे युवकों के परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। दो युवकों की असमय मौत से महुआ गांव में शोक का माहौल है।