enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश पुलिस वाहन देखकर तालाब में कूदे 4 युवक, 3 की दर्दनाक मौत; एक की हालत गंभीर

पुलिस वाहन देखकर तालाब में कूदे 4 युवक, 3 की दर्दनाक मौत; एक की हालत गंभीर

शहडोल(ईन्यूज एमपी)-मध्य प्रदेश के शहडोल शहर में सोमवार शाम एक दर्दनाक हादसे में तीन युवकों की डूबने से मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है। बताया जा रहा है कि पुलिस का गश्ती वाहन देखकर चार युवक चौपाटी के पीछे स्थित तालाब में कूद गए थे। इनमें से एक युवक तैरकर बाहर निकल आया, जबकि तीन युवक गहरे पानी में डूब गए। करीब एक घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद एसडीईआरएफ की टीम ने तीनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

मृतकों की पहचान घरौला मोहल्ला निवासी समीर बंशकार, गौरव बंशकार और दुर्गेश बंशकार के रूप में हुई है। वहीं पुष्पेंद्र उर्फ पंकज की हालत गंभीर बताई जा रही है। उसका जिला अस्पताल में उपचार जारी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक घटना सोमवार शाम करीब 7:30 से 7:45 बजे के बीच हुई। चारों युवक कांग्रेस भवन के पीछे स्थित वंशकार मोहल्ले के रहने वाले बताए जा रहे हैं। इसी दौरान पुलिस का गश्ती वाहन देखकर युवकों के तालाब में कूदने की बात सामने आई है। हालांकि युवकों ने ऐसा कदम क्यों उठाया, इसकी वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। सूचना मिलते ही सोहागपुर और कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद एसडीईआरएफ की टीम को बुलाकर तालाब में तलाश अभियान शुरू किया गया।

तीनों युवकों को मृत अवस्था में जिला अस्पताल लाए जाने के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। परिजनों ने आरोप लगाया कि घटना के बाद मौके पर समय से एंबुलेंस नहीं पहुंची और अस्पताल में भी डॉक्टर उपलब्ध नहीं थे। उनका कहना था कि यदि समय पर एंबुलेंस और चिकित्सकीय सुविधा मिल जाती तो युवकों की जान बच सकती थी।

रात करीब 10:30 बजे जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय अवस्थी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने व्यवस्थाओं पर सवाल उठाते हुए विरोध जताया और अस्पताल के सामने धरने पर बैठ गए। देर रात तक अस्पताल परिसर में हंगामे की स्थिति बनी रही।

मामले की गंभीरता को देखते हुए रात करीब 11:30 बजे एडीएम सरोधन सिंह जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजय अवस्थी और परिजनों से चर्चा की। उनके साथ सोहागपुर एसडीएम अमृता गर्ग और तहसीलदार दीपक पटेल भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों को शांत कराने का प्रयास किया। देर रात करीब 3 बजे तक अस्पताल में आक्रोश और विरोध का माहौल बना रहा। भीड़ को देखते हुए घटनास्थल पर अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया।

घटना और परिजनों द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों को देखते हुए कलेक्टर पार्थ जायसवाल ने त्रिस्तरीय जांच समिति गठित की है। समिति में प्रशासन की ओर से एडीएम सरोधन सिंह, पुलिस विभाग से एडिशनल एसपी अभिषेक दीवान और स्वास्थ्य विभाग से सिविल सर्जन डॉ. शिल्पी सराफ को शामिल किया गया है।

जांच समिति युवकों के तालाब में कूदने की परिस्थितियों, बचाव कार्य में हुई देरी, एंबुलेंस की उपलब्धता और जिला अस्पताल में चिकित्सकों की मौजूदगी से जुड़े आरोपों की जांच करेगी।

सीएसपी राजेंद्र मोहन दुबे ने तीन युवकों की मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि चार युवक तालाब में कूदे थे। इनमें एक युवक बाहर निकल आया, जबकि तीन की डूबने से मौत हो गई। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। मंगलवार को तीनों मृतकों के शवों का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा, जिसके बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।

कलेक्टर पार्थ जायसवाल ने मृतकों के परिजनों को 25-25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। इस तरह तीनों परिवारों को कुल 75 हजार रुपये की सहायता प्रदान की जाएगी।

Share:

Leave a Comment