भोपाल(ईन्यूज एमपी)- मध्यप्रदेश में ठंड का असर अब तेजी से बढ़ने लगा है। इस सीजन में पहली बार प्रदेश के किसी शहर का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। शहडोल जिले के कल्याणपुर में बीती रात न्यूनतम तापमान 9.9 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं अनूपपुर के अमरकंटक में 10.1 और कटनी के करौंदी में 10.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ। प्रदेश में सुबह और रात के समय ठंड का असर बढ़ने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार अगले चार दिनों के भीतर न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है। नवंबर के दूसरे पखवाड़े से प्रदेश में ठंड और तेज होने का अनुमान है। बीती रात प्रदेश में सबसे कम तापमान शहडोल के कल्याणपुर में दर्ज किया गया। यहां पारा 9.9 डिग्री पर पहुंच गया। अमरकंटक में 10.1 डिग्री और कटनी के करौंदी में 10.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। दमोह में 11.5, गिरवर में 11.8, इंदौर में 12.4, छिंदवाड़ा में 12.6 और रायसेन में 12.8 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। पचमढ़ी में न्यूनतम तापमान 13.2 डिग्री रहा, जबकि इंदौर में यह 12.4 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। इस तरह इंदौर प्रदेश के हिल स्टेशन पचमढ़ी से भी ठंडा रहा। जबलपुर और मंडला में 13.2, नौगांव में 13.4, रीवा में 13.6 तथा भोपाल और खजुराहो में 14.2 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग में बर्फबारी शुरू हो गई है। पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में 13 नवंबर तक बारिश और बर्फबारी की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में भारी बारिश और बर्फबारी का अलर्ट भी जारी किया गया है। उत्तर भारत में मौसम का यह बदलाव खत्म होने के बाद ठंडी उत्तरी हवाएं मध्यप्रदेश की ओर आने लगेंगी। इसका सीधा असर प्रदेश के रात के तापमान पर पड़ेगा और ठंड में और इजाफा होगा। तापमान के आंकड़ों के अनुसार शहडोल संभाग में न्यूनतम तापमान सामान्य से करीब 2 डिग्री तक कम बना हुआ है। भोपाल संभाग में भी तापमान सामान्य से 1.9 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। हालांकि ग्वालियर-चंबल संभाग के उत्तरी हिस्सों में फिलहाल न्यूनतम तापमान 15 डिग्री से ऊपर बना हुआ है। मौसम के मौजूदा रुख को देखते हुए आने वाले दिनों में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में सुबह और रात की ठंड बढ़ने के आसार हैं।