सीधी(ईन्यूज एमपी)- विधानसभा क्षेत्र के ग्राम ठेंगरही में आयोजित स्व. रंगदेव सिंह स्मृति क्रिकेट टूर्नामेंट का समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ज्ञान सिंह के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए ग्राम गिजवार की टीम ने विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि मेजबान ग्राम ठेंगरही की टीम उपविजेता रही। समापन समारोह में कांग्रेस जिलाध्यक्ष ज्ञान सिंह ने विजेता एवं उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान कर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस दौरान उन्होंने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और आपसी भाईचारे को मजबूत करने के साथ नई ऊर्जा का संचार करने का सशक्त माध्यम हैं। ऐसे आयोजनों से ग्रामीण प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिलता है। उन्होंने आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए बधाई दी। कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस संगठन का विस्तार भी हुआ। विधानसभा क्षेत्र के ग्राम गाड़ा लोलर सिंह निवासी रामप्रकाश विश्वकर्मा तथा ग्राम सिरसी निवासी छोटेलाल बैगा, रमेश बैगा एवं मनधारी बैगा ने जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ज्ञान सिंह के हाथों कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। ज्ञान सिंह ने सभी नवागत सदस्यों का कांग्रेस परिवार में स्वागत करते हुए संगठन को मजबूत बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपेक्षा व्यक्त की।