enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश आज लाड़ली बहना की 42वीं किस्त जारी करेंगे CM मोहन यादव

आज लाड़ली बहना की 42वीं किस्त जारी करेंगे CM मोहन यादव

ग्वालियर(ईन्यूज एमपी)- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार, 13 नवंबर को ग्वालियर जिले के ग्राम कुलैथ में आयोजित विशाल पशुपालक सम्मेलन सह पशु मेले में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री इस दौरान किसानों और पशुपालकों से संवाद करेंगे। मेले में उन्नत नस्ल के गोवंश और भैंसवंशी पशुओं का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके साथ ही पारंपरिक बैलगाड़ी दौड़, घुड़दौड़ और कन्हैया लोकगीतों के आयोजन भी होंगे।

मुख्यमंत्री का कार्यक्रम दो जिलों में निर्धारित है। वे सबसे पहले शिवपुरी जिले के पिछोर पहुंचेंगे, जहां से मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की 42वीं किस्त जारी करेंगे। इसके बाद ग्वालियर के कुलैथ में आयोजित पशुपालक सम्मेलन में शामिल होंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार दोपहर करीब 12:20 बजे हेलीकॉप्टर से शिवपुरी जिले के पिछोर पहुंचेंगे। यहां आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम के माध्यम से मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की 42वीं किस्त सिंगल क्लिक से जारी करेंगे।

इस दौरान प्रदेश की करीब 1 करोड़ 24 लाख 81 हजार महिलाओं के बैंक खातों में 1831 करोड़ 77 लाख रुपये से अधिक की राशि अंतरित की जाएगी। किस्त जारी होने से प्रदेश की लाखों लाभार्थी महिलाओं को आर्थिक सहायता मिलेगी।

पिछोर के कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री दोपहर करीब 2:45 बजे ग्वालियर जिले के ग्राम कुलैथ पहुंचेंगे। यहां किसान कल्याण वर्ष के अंतर्गत विशाल पशुपालक सम्मेलन सह पशु मेले का आयोजन किया जा रहा है।

मेले में उन्नत पशुपालन और आधुनिक खेती-किसानी पर आधारित प्रदर्शनियां लगाई गई हैं। उत्कृष्ट नस्लों के गोवंश और भैंसवंशी पशुओं का प्रदर्शन भी किया जाएगा। ग्रामीण संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कन्हैया लोकगीत, पारंपरिक बैलगाड़ी दौड़ और घुड़दौड़ जैसे आयोजन रखे गए हैं।

मुख्यमंत्री सम्मेलन को संबोधित करेंगे और किसानों तथा पशुपालकों को शासन की विभिन्न योजनाओं से जोड़ने पर जोर देंगे। कृषि, पशुपालन और अन्य विभागों की योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को हितलाभ वितरण भी किया जाएगा।

मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए संभाग आयुक्त मनोज खत्री, प्रभारी पुलिस महानिरीक्षक असित यादव, कलेक्टर रुचिका चौहान और प्रभारी पुलिस अधीक्षक श्रुत कीर्ति सोमवंशी ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने हेलीपैड, मुख्य मंच, प्रदर्शनी स्थल, किसानों और पशुपालकों की बैठक व्यवस्था तथा बैलगाड़ी और घुड़दौड़ के आयोजन स्थल का जायजा लिया।

प्रशासन ने कार्यक्रम को व्यवस्थित और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री शाम करीब 4:30 बजे महाराजपुरा विमानतल पहुंचेंगे।

Share:

Leave a Comment