enewsmp.com
Home सीधी दर्पण गिजवार में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत लगा शिविर, हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ

गिजवार में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत लगा शिविर, हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ

सीधी(ईन्यूज एमपी)-आमजन की समस्याओं के निराकरण एवं शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से जनपद पंचायत मझौली की ग्राम पंचायत गिजवार स्थित विद्यालय परिसर में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ उनकी समस्याएं सुनी गईं तथा पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने की कार्रवाई की गई। स्वास्थ्य विभाग द्वारा ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर चिकित्सकीय परामर्श एवं दवाइयां भी उपलब्ध कराई गईं।

शिविर में कलेक्टर विकास मिश्रा ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त आवेदनों का गंभीरता से परीक्षण कर उनका त्वरित एवं समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने में किसी प्रकार की लापरवाही अथवा अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। सभी विभागीय अधिकारी अपनी योजनाओं, पात्रता एवं आवेदन प्रक्रिया की जानकारी आमजन तक पहुंचाएं, जिससे कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।

कलेक्टर ने बताया कि शिविर में प्राप्त आवेदनों के निराकरण की समीक्षा के लिए आगामी 13 दिसंबर को फॉलोअप शिविर आयोजित किया जाएगा। इसमें प्रत्येक आवेदन पर की गई कार्रवाई एवं उसके निराकरण की स्थिति से संबंधित आवेदकों को अवगत कराया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी आवेदनों का व्यवस्थित रिकॉर्ड रखें और निर्धारित समय में उनका निराकरण सुनिश्चित करें।

इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य कृष्णलाल पयासी ने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत आयोजित शिविरों का उद्देश्य प्रत्येक पात्र हितग्राही तक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना तथा आमजन की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान करना है।

कार्यक्रम में राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अनुज सिंह, मनीष सिंह, घनश्याम पनिका, नईम मंसूरी, जुबैद मंसूरी, अयान मंसूरी, निखिल सिंह एवं कुमारी आंचल सिंह को सम्मानित किया गया। वहीं राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत राजीव गांधी स्व सहायता समूह गिजवार को 3 लाख रुपये, कीर्ति स्व सहायता समूह बकवा को 4 लाख रुपये, श्वेता स्व सहायता समूह सिलवार को 4 लाख रुपये तथा राज स्व सहायता समूह गिजवार को 3 लाख रुपये के स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। स्वच्छता के क्षेत्र में सराहनीय कार्य करने वाले रामप्रसाद एवं सुरेन्द्र को शाल-श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया।

शिविर में जनपद पंचायत अध्यक्ष मझौली सुनैना सिंह, सरपंच लक्ष्मी पांडेय, वनमंडलाधिकारी प्रीति अहिरवार, अनुविभागीय अधिकारी मझौली आकाश अग्रवाल, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत मझौली सुरभि श्रीवास्तव सहित विभिन्न ग्राम पंचायतों के सरपंच, विभागीय अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Share:

Leave a Comment