enewsmp.com
Home सीधी दर्पण भोपाल में बेघर होने के डर से तीन महिलाओं ने खाया जहर, 490 परिवारों पर मंडराया बेघर होने का संकट

भोपाल में बेघर होने के डर से तीन महिलाओं ने खाया जहर, 490 परिवारों पर मंडराया बेघर होने का संकट

भोपाल(ईन्यूज एमपी)- मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में मकान खाली कराने के नोटिस के बाद बेघर होने के डर से तीन महिलाओं द्वारा जहर खाकर आत्महत्या की कोशिश करने का मामला सामने आया है। घटना ऐशबाग स्थित जनता क्वार्टर की है, जहां रहने वाले सैकड़ों परिवारों के सामने अब रहने का संकट खड़ा हो गया है। तीनों महिलाओं को गंभीर हालत में हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों के अनुसार उनकी स्थिति फिलहाल ठीक है।

जानकारी के मुताबिक, जनता क्वार्टर में रहने वाले परिवारों को मकान खाली करने के नोटिस जारी किए गए हैं। यहां के मकान काफी जर्जर हो चुके हैं और उनके गिरने का खतरा बना हुआ है। इसी बीच मकान खाली कराने की कार्रवाई की तैयारी से स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई है।

बताया गया कि गुरुवार को 60 वर्षीय कमलाबाई, 45 वर्षीय सीमा खान और 50 वर्षीय लइका बी ने चूहा मारने का जहर खा लिया। परिजन तत्काल उन्हें हमीदिया अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां तीनों को इमरजेंसी में भर्ती कराया गया। घटना के बाद प्रशासन ने शनिवार को प्रस्तावित मकान तोड़ने की कार्रवाई टाल दी। अब 19 या 23 नवंबर को कार्रवाई किए जाने की संभावना जताई गई है।

शुक्रवार को कई परिवार अपना सामान समेटकर दूसरे ठिकानों की तलाश में निकल पड़े। वहीं शनिवार को क्षेत्र की महिलाएं चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास कैलाश सारंग के 74 बंगला स्थित निवास पहुंचीं और अपनी परेशानी बताई। महिलाओं की मांग थी कि वैकल्पिक आवास की व्यवस्था किए बिना उन्हें बेघर नहीं किया जाए। उनका कहना था कि छोटे बच्चों और बुजुर्गों को लेकर वे कहां जाएंगी।

नगर निगम ने मई 2016 में सर्वे के बाद जनता क्वार्टर के करीब 600 आवासों को जर्जर और जानलेवा घोषित किया था। वर्ष 2018 में नगर निगम और हाउसिंग बोर्ड ने मकान खाली करने के नोटिस जारी किए थे। इसके बाद भी दो बार कार्रवाई की कोशिश हुई, लेकिन कब्जे नहीं हटाए जा सके।

हाउसिंग बोर्ड के अनुसार, यहां केवल 110 मकानों के वैध आवंटी हैं, जबकि शेष 490 मकानों पर अवैध कब्जा है। वैध आवंटियों को निर्माण अवधि के दौरान कलेक्टर दर पर किराया देने और बाद में मौजूदा मकान से 20 प्रतिशत बड़े आधुनिक फ्लैट देने की योजना है। वहीं अवैध कब्जाधारियों को मुआवजा या किराये का लाभ नहीं मिलेगा।

Share:

Leave a Comment