enewsmp.com
Home सीधी दर्पण गोपालदास बांध पर छठ महापर्व की धूम, विधायक रीति पाठक ने भी अस्ताचलगामी सूर्य को दिया अर्घ्य

गोपालदास बांध पर छठ महापर्व की धूम, विधायक रीति पाठक ने भी अस्ताचलगामी सूर्य को दिया अर्घ्य

सीधी(ईन्यूज एमपी)- लोक आस्था, अटूट श्रद्धा और पवित्रता का प्रतीक छठ महापर्व सीधी जिले में पूरे उत्साह और भक्तिभाव के साथ मनाया जा रहा है। छठी मैया की आराधना और भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के लिए गोपालदास बांध का तट श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र बना हुआ है।

विगत वर्षों की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष और श्रद्धालु गोपालदास बांध पहुंचे। यहां वैदिक मंत्रोच्चार, छठी मैया के पारंपरिक गीतों और जयकारों के बीच भक्तिमय माहौल देखने को मिला। व्रती महिलाओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया और परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं आरोग्य की कामना की।

इस अवसर पर सीधी विधानसभा क्षेत्र की विधायक रीति पाठक भी छठ पूजा में शामिल हुईं। उन्होंने श्रद्धालु महिलाओं के साथ भगवान सूर्य की आराधना कर अर्घ्य अर्पित किया। इसके साथ ही लोक गायिकाओं के साथ छठी मैया के पारंपरिक गीत गाकर पर्व की खुशियों में सहभागिता निभाई। विधायक की मौजूदगी से आयोजन में उत्साह का माहौल दिखाई दिया।

पर्व की गरिमा और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन की ओर से व्यापक इंतजाम किए गए। गोपालदास बांध पर पुलिस प्रशासन के साथ एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और वन विभाग की टीमें भी मुस्तैदी से तैनात रहीं, ताकि पूजा के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।

विधायक रीति पाठक ने क्षेत्रवासियों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं देते हुए सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। पूरे आयोजन के दौरान गोपालदास बांध का वातावरण छठी मैया के जयकारों और लोकगीतों से भक्तिमय बना रहा।

Share:

Leave a Comment